Meerut News: घर में चल रही थी बरात के स्वागत की तैयारी, रात को दूल्हे ने कर दी ऐसी डिमांड, टूटा रिश्ता
मेरठ में दिल्ली रोड स्थित एक परिवार घर बेटी की शादी के लिए बरात के स्वागत की तैयारियों में जुटा था। लेकिन बरात लाने से एन वक्त पहले दूल्हे ने ऐसी डिमांड कर दी कि दुल्हन के परिवार वाले सन्न रह गए। परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत की है।
विस्तार
माधवपुरम निवासी कुसुम ने बताया कि एमए की पढ़ाई कर रही उनकी बेटी नीतू का रिश्ता दबथुआ निवासी हर्ष के साथ तय हुआ था। 21 फरवरी को माधवपुरम से सगाई लेकर दबथुआ गए थे। इसमें एक कार व दहेज का सभी सामान दिया था।
बुधवार को दिल्ली रोड स्थित प्रेम ग्रीन मंडप में शादी समारोह होना था। मंगलवार को दुल्हन के पास दूल्हे का कॉल आया और कहा कि हम बारात लेकर तब आएंगे जब 20 लाख मंगलवार रात 11 बजे तक दिए जाएंगे। इसके बाद फोन काट दिया।
यह भी पढ़ें: UP Budget: मेरठ के विकास को लगेंगे पंख, गंगा एक्सप्रेसवे पकड़ेगा रफ्तार, रैपिड के लिए 1306 करोड़ जारी
बुधवार को दूल्हे पक्ष के लोग सगाई में दिया सारा सामान छोड़कर चले गए। सोने के जेवरात देकर नहीं गए। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। नीतू के पिता सेना में हैं। इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिनभर चलती रही दूल्हे पक्ष से बातचीत
परिवार के लोग रात को 11 बजे बीस लाख रुपये की डिमांड आने के बाद तनाव में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने रिश्ता कराने वाले बिचौलिए को पकड़ा। बिचौलिए के द्वारा दिनभर दूल्हे पक्ष से बातचीत चलती रही लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आत्महत्या करने जा रही थी दुल्हन और मां
रिश्ता टूटने से आहत दुल्हन और मां ने आत्महत्या करने का फैसला कर लिया। परिवार में कोहराम मच गया। किसी तरह रिश्तेदारों और आसपड़ोस के लोगों ने दोनों को रोका, जिसके बाद थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।