Meerut News: दौराला में अनियंत्रित ट्रक ने बाइकसवार को कुचला, गुस्साए ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
मेरठ के दौराला में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जाम लगाते हुए ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ग्रामीणों व परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
विस्तार
मेरठ से सटे दौराला में सोमवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइकसवार को कुचल दिया। सूचना पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया। वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले ही गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। वहीं इस दौरान मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
यह भी पढ़ें: Meerut: हर्रा में पुलिस पर हमले का मुख्य आरोपी किया गिरफ्तार, छत से भी पुलिस पर किया था पथराव
जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर जान मोहम्मद पुत्र रहिसुद्दीन गांव लोइया से मेरठ की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह फ्लाईओवर पर सर्विस रोड से गुजर रहा था कि डस्ट से भरे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ दौराला अभिषेक पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नायाब तहसीलदार जतिन गोस्वामी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। तहसीलदार नटवर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम व अधिकारियों ग्रामीणों को समझाया लेकिन परिजन नहीं माने। ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हो गई। ग्रामीण मृतक को 20 लाख के मुआवजे की मांग पर अड़ गए।
वहीं अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया गया कि मृतक जान मोहम्मद की छह माह पहले ही पिलौना गांव निवासी सायरा से निकाह हुआ था।
मृतक छह भाई बहनों में पांचवे नंबर का था। वह मेरठ के मोदीपुरम में कारपेंटर का काम करता था। सोमवार को काम पर जाने के लिए निकला था लेकिन हादसे का शिकार हो गया।