UP: मर्डर के बाद घर जाकर सो गए थे आरोपी, पुलिस पूछताछ में खुला ये बड़ा राज, जल्द होगा वारदात का खुलासा
Meerut Murder Case : युवक की हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गए थे। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।
विस्तार
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गए थे। जब पुलिस उन्हें हिरासत में लेने पहुंची तो वे अपने घर में सोते मिले। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
गोली मारकर हत्या
हस्तिनापुर के बस्तोरा नारंग गांव में कमरे में सो रहे 25 वर्षीय मंजीत की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हस्तिनापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मंजीत के जीजा और उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
गांव निवासी सुरेश किसान है। सोमवार रात सुरेश, उसकी पत्नी, बेटी रीना, मीनाक्षी और प्रिया आंगन में सो रहे थे। बेटा मंजीत कमरे में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे प्रिया ने गोली चलने की आवाज सुनकर पिता को जगाया। दोनों भागकर कमरे में पहुंचे तो मंजीत लहुलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके सीने में गोली लगी थी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को सुरेश ने बताया कि रात के समय गांव का ही बोबी और कपिल मकान में घुसे थे। उन्होंने मंजीत की गोली मारकर हत्या की है। मंजीत की बहन पूजा ने करीब पांच साल पहले परिजनों की रजामंदी के बिना बोबी से शादी कर ली थी। इसे लेकर बोबी रंजिश रखता था। इसके चलते हत्या कर दी। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।
हत्या के बाद घर जाकर सो गए थे दोनों आरोपी
परिजनों ने मंजीत के जीजा और उसके साथी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, जिस समय दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया वह अपने घर में सो रहे थे।
पिता सुरेश के मुताबिक, मंजीत की बहन पूजा ने परिजनों की रजामंदी के बिना गांव के बोबी से शादी की थी। इस पर परिजनों ने पूजा और उसके पति से दूरी बना ली थी। मंजीत दो भाइयों में बड़ा था। इनकी चार बहनें हैं और दो की शादी हो चुकी हैं। परिजनों ने बताया कि मंजीत की शादी करीब दो वर्ष पूर्व शामली के पेल्खा गांव में हुई थी। इसके बाद उसकी पत्नी सिर्फ दो बार उनके घर आई। आपसी विवाद की वजह से वह दोबारा उनके घर नहीं आई।
यह भी पढ़ें: High Profile Case: अधिवक्ता गिरफ्तार, भाजपा नेताओं के खिलाफ जुटाए जा रहे सुबूत, जांच अधिकारी बदला
बेवजह फंसाया जा रहा मेरा पति : पूजा
हत्याकांड के कुछ देर बाद ही पुलिस ने बोबी और कपिल को उनके घर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद बोबी की पत्नी पूजा समेत काफी लोग थाने पहुंचे। पूजा ने बताया कि उसके दो बच्चे भी हैं। वह अपनी जिंदगी में खुश है। मंजीत या मायके पक्ष के अन्य लोगों से कोई मतलब नहीं था। बेवजह उसके पति को फंसाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: लव जिहाद पर बड़ा बयान: फिर BJP सांसद पर भड़के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, खूब हुई तीखी बहस, जानिए वजह