Meerut: एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज बोले, मेरे घर के बाहर धरने पर बैठें हैं किसान, बताओं क्या करें साहब
क्रय केंद्रों पर घटतौली, छोटे किसानों की पर्ची देरी से पहुंचने, अन्य मांगों को लेकर गंगानगर में डिफेंस कॉलोनी स्थित बीजेपी एमएलसी के आवास पर सैकड़ों की संख्या में किसान धरना प्रदर्शन करने पहुंच गए।
विस्तार
मेरठ के गंगानगर में गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली, छोटे किसानों की पर्ची देरी से पहुंचने और चकबंदी विभाग द्वारा परेशान किए जाने आदि की अनेक समस्याओं को लेकर जिले के सैकड़ो किसान गंगानगर डिफेंस कॉलोनी स्थित भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के आवास पर पहुंच गए और धरना देना शुरू कर दिया। किसानों के बीच से एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने अधिकारियों को फोन कर उनकी समस्याएं हल कराने की मांग की।
गंगानगर डिफेंस कॉलोनी में बीजेपी एमएलसी धर्मेंद्र भरद्वाज का आवास है। रविवार सुबह ट्रैक्टर लेकर सैकड़ों किसान उनके आवास पर पहुंच गए। बाहर दरी बिछाकर बैठ गए। उनके बीच एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज उनके बीच पहुंचे।
यह भी पढें: Meerut: शहंशाह-ए-जादू ओपी शर्मा का निधन, कैंसिल हुआ अंतिम दिवसीय आयोजन
किसानों ने बताया कि गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली होती है, छोटे किसानों की पर्ची अप्रैल माह तक दी जा रही हैं। वहीं चकबंदी विभाग के अधिकारी भी परेशान करते है। किसानों ने प्रत्येक क्रय केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी मांग की।
एमएलसी ने किसानों के बीच बैठकर जिला गन्ना उपायुक्त राजेश मिश्रा, मवाना मिल के एमडी राकेश गंगवार सहित अनेक लोगों से बात की। उन्होंने साफ कहा कि किसानों के साथ नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी मिलो के जीएम के साथ बैठकर उनके सभी मुद्दों को सुलझाने की बात कही। किसानों में दौराला, मवाना, परीक्षितगढ़, सरधना आदि एरिया के किसान मौजूद रहे।