मेरठ में बड़ी वारदात: रोडवेज बस रुकवाई, फिर खुद को पुलिसकर्मी बताकर उड़ा लिया 2.50 लाख का सोना, मचा हड़कंप
मेरठ में बड़ी वारदात : बदमाशों ने रोडवेज बस रुकवाई और खुद को पुलिसकर्मी बताकर सराफा कारोबारी के बैग से 2.50 लाख का सोना उड़ा दिया। इस वारदात से हड़कंप मच गया।
विस्तार
मेरठ में दिल्ली रोड पर सदर तहसील के पास दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार बदमाशों ने रोडवेज बस रुकवाई। इसके बाद खुद को पुलिसकर्मी बताकर चेकिंग के नाम पर बस में सवार सराफा कारोबारी से ढाई लाख की कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने ठगी और जबरन वसूली का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बदमाशों की पहचान के प्रयास कर रही है।
देहलीगेट थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि गांधी रोड बड़ौत निवासी राजकुमार वर्मा की राजकुमार ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार सुबह वह शहर सराफा बाजार में धेवते ध्रुव वर्मा के साथ आए थे। यहां भतीजे की शादी के लिए सोने और चांदी के कुछ जेवरात खरीदे। इसके बाद दोपहर करीब ढाई बजे घंटाघर से ई-रिक्शा में बैठकर रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे। यहां से बस में सवार हुए। जब सदर तहसील मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे एक युवक ने बस रुकवा ली। बस में चढ़े युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और एक आईकार्ड दिखाकर नीचे उतार लिया। नीचे खड़े दूसरे युवक ने बैग की तलाशी के दौरान सोने के आभूषण की पुड़िया निकाल ली। इसके बाद मौका पाते ही दोनों युवक बाइक से जली कोठी की ओर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: High profile case: बदनाम करने की धमकी देकर यौन शोषण करते थे अधिवक्ता, दो BJP नेता भी आरोपी
बाद में व्यापारी ने बैग देखा तो जेवरात नहीं थे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि ठगी और जबरन वसूली का केस दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस की दो टीमें खुलासे के लिए लगाई हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक बस अड्डे से ही सराफा कारोबारी का पीछा कर रहे थे और बस रुकवाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: उद्यमी का मर्डर: फैक्टरी में खून से लथपथ मिली लाश, पिता को देख सहम गया बेटा, खुलासे के लिए लगाईं तीन टीमें
आज एसपी सिटी से मिलेंगे सराफा कारोबारी
शहर सराफा बाजार के व्यापारी विजय कुमार आनंद ने बताया कि इस घटना के बारे में रविवार को सराफा व्यापारी एसपी सिटी पीयूष सिंह से मिलेंगे। वह घटना के खुलासे की मांग के साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की भी मांग करेंगे। उनका कहना है कि पहले भी व्यापारियों के साथ लूट, चोरी और ठगी की घटनाएं हो चुकी हैं।