उल्देपुर में बुलडोजर एक्शन: 10 जेसीबी से अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, मेडा अधिकारियों से ग्रामीणों की नोकझोंक
उल्देपुर में शनिवार को एमडीए ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 10 जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान बिजली के पोल हटाने पर ग्रामीण ने विरोध जताया, जिसे पुलिस और एमडीए की टीम ने समझाकर शांत कराया।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट में उल्देपुर प्रकरण की सुनवाई से पहले मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शनिवार को बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 10 जेसीबी मशीनों से कॉलोनी में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। 9 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई होनी है। इससे पहले हुई कार्रवाई से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। इस दौरान बिजली के पोल हटाने को लेकर एक ग्रामीण ने विरोध जताया।
10 जेसीबी से एक साथ शुरू हुआ ध्वस्तीकरण
एमडीए की टीम शनिवार सुबह भारी पुलिस बल के साथ उल्देपुर पहुंची। इसके बाद 10 जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनी में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
ध्वस्तीकरण की सूचना मिलने पर सुबह से ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से ठीक पहले हुई कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही।
बिजली के पोल हटाने पर ग्रामीण ने किया विरोध
कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में लगे बिजली के पोल हटाए जाने पर उल्देपुर निवासी छोटू ने विरोध जताया। उनका कहना था कि इन पोलों से कॉलोनी की बिजली आपूर्ति के साथ गांव के तीन नलकूपों के विद्युत तार भी जुड़े हैं। ऐसे में पोल हटने से नलकूपों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और एमडीए की प्रवर्तन टीम ने ग्रामीण को समझाया। इसके बाद उसे शांत कराया गया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही।
9 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
उल्देपुर प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 9 दिसंबर को निर्धारित है। इससे पहले एमडीए की ओर से की गई इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दिनभर ध्वस्तीकरण जारी रहा।
तीन हजार की आबादी वाले गांव में 2400 बैनामे कैसे?
सरकारी अभिलेखों में उल्देपुर गांव की भूमि उपजाऊ और लाल डोरा चिह्नित है। आरोप है कि यहां प्रॉपर्टी एजेंटों ने बिना अनुमति और भू-उपयोग परिवर्तन कराए अवैध कॉलोनियां विकसित कर दीं। पिछले 10 साल में सर्किल रेट से दस गुना अधिक कीमत पर करीब 2400 बैनामे कराए जाने की बात सामने आई है।
उल्देपुर की आबादी करीब तीन हजार बताई गई है। ऐसे में पिछले 10 साल में करीब 2400 बैनामे होने पर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि पल्लवपुरम की पॉश कॉलोनियों में रहने वाले लोगों ने यहां अवैध कॉलोनियां विकसित कीं या प्लॉट खरीदकर निवेश किया।
याचिकाकर्ता लोकेश खुराना का कहना है कि उनके पास इससे जुड़े प्रमाण हैं। वह इन दस्तावेजों को सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित न्यायिक आयोग को सौंपने का प्रयास करेंगे। अब आयोग की जांच और रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि अवैध कॉलोनियों के विकास में किन लोगों और अधिकारियों की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: परिसीमन पर सियासी हमला: इमरान मसूद बोले- प्रतिनिधित्व में हेरफेर की कोशिश, संविधान के मूल स्वरूप से छेड़छाड़
इस पूरे मामले में मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अधिकारियों की सांठगांठ से अवैध कॉलोनियां विकसित होती रहीं और कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की गई।
मेडा ने जिले को चार जोन में बांटा है। जोन-ए में 16,726 भवनों को अवैध घोषित कर 21 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। वहीं, उल्देपुर जोन-बी में आता है। यहां सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां विकसित होने की बात सामने आई है। निकिता सिंह पिछले दो साल से इस जोन की प्रभारी के रूप में तैनात हैं।
प्राधिकरण के दस्तावेजों में उल्देपुर की 12 से अधिक अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दर्ज है। इसके बावजूद यहां दोबारा कॉलोनियां विकसित होने पर सवाल उठ रहे हैं। हालात यह हैं कि विद्युत विभाग ने खंभे लगाकर बिजली लाइन चालू कर दी। लोगों ने मकान बना लिए और बाहर बाजार भी विकसित हो गया। सवाल है कि पहले की कार्रवाई के बाद भी ये निर्माण कैसे होते रहे।
