{"_id":"69efaab584cbcf1ec60d6521","slug":"meerut-massive-fire-broke-out-in-shop-and-house-due-to-short-circuit-in-sardhana-car-exploded-with-explosion-2026-04-27","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Meerut: सरधना में शॉर्ट सर्किट से दुकान व मकान में लगी भीषण आग, धमाके के साथ फटी कार, परिवार ने भागकर बचाई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Meerut: सरधना में शॉर्ट सर्किट से दुकान व मकान में लगी भीषण आग, धमाके के साथ फटी कार, परिवार ने भागकर बचाई जान
Mon, 27 Apr 2026 11:58 PM IST
Mohd Mustakim
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: Mohd Mustakim
Updated Mon, 27 Apr 2026 11:58 PM IST
सार
सरधना में वैश्य मंच के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता के मकान और दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने आग पर किसी तरह काबू पाया। शैलेंद्र गुप्ता का कहना है कि आग से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
आग बुझाते दमकलकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सरधना-बिनौली रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते वैश्य मंच के अध्यक्ष की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और दुकान के ऊपर बने मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकान और घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, वैश्य मंच के अध्यक्ष व नगरपालिका के ठेकेदार शैलेंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। भूतल पर उनके पुत्र आशीष गुप्ता की सिद्धि विनायक स्पेयर पार्ट्स के नाम से दुकान है, जबकि ऊपर उनका आवास है। रात में सभी लोग सो रहे थे, तभी शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और परिवार को जगाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसके बाद शैलेंद्र गुप्ता और परिजन आनन-फानन नीचे उतरे। आग की सूचना दमकल विभाग को देने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन खुद गंगनहर स्थित फायर स्टेशन पहुंचे, जहां कर्मचारियों के सोने का आरोप लगाते हुए उन्हें जगाया गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
आग की चपेट में दुकान के ऊपर बना घर और उसमें रखा सामान भी आ गया। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को करीब ढाई घंटे का समय लगा। इस दौरान मेरठ से भी तीन दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया।
पीड़ित शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग में दुकान के अंदर खड़ी कार भी जलकर खाक हो गई। बताया गया कि जब आग कार की पेट्रोल टंकी तक पहुंची तो जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग और तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आसपास की दुकानों के बिजली मीटर भी आ गए और दीवारों में दरारें पड़ गईं।
गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए और स्थानीय लोगों ने सिलेंडर बाहर निकाल लिए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चंद कदमों की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।