Meerut: एनएच-34 पर डिवाइडर से टकराई बाइक, अधिक खून बहने से चालक की मौके पर मौत
मेरठ के एनएच-34 बहचौला फ्लाईओवर पर बुधवार रात अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराने पर 45 वर्षीय फरमान की मौके पर मौत हो गई। हेलमेट गिरने से घायल उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव को दफना दिया।
विस्तार
मेरठ के एनएच-34 स्थित बहचौला फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंचौली गांव निवासी 45 वर्षीय फरमान बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फरमान सड़क पर जा गिरे।
यह भी पढ़ें: कफ सिरप तस्करी: आठ साल में करोड़पति बना कैंटर चालक आसिफ, दुबई और आस्ट्रेलिया में चला रहा होटल, पुलिस को तलाश
हेलमेट सिर से उतरने पर बढ़ीं चोटें
हादसे में फरमान का हेलमेट सिर से उतर गया, जिससे उनका सिर सीधे सड़क से टकराया और भारी मात्रा में खून बह निकला। राह में पीछे आ रहे एक परिचित कार चालक ने यह दृश्य देखते ही गांव में परिजनों को सूचना दी। तब तक फरमान की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और शव अपने साथ ले गए। गुरुवार सुबह फरमान का दफन (दफीना) किया गया।
परिवार में छाया मातम
फरमान परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। घर में उनकी पत्नी, दो बच्चे, मां और भाई-बहन हैं। अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी शोक की लहर है।