Meerut: मवाना में संदिग्ध परिस्थिति में युवकी की मौत, बहसूमा में व्यक्ति का अधजला शव मिलने से सनसनी
मेरठ के लावड़-जमालपुर मार्ग स्थित एक बाग में युवक का शव पेड़ से लटका मिला तो वहीं बहसूमा में एक युवक का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस अधजले शव की पहचान कराने में जुटी है।
विस्तार
मेरठ के लावड़-जमालपुर मार्ग स्थित एक बाग में युवक का शव पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। युवक की पहचान जयकिशन(35) के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। वहीं बहसूमा में युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मेरठ के लावड़ - जमालपुर मार्ग स्थित एक बाग में सोमवार सुबह जमालपुर गांव निवासी जयकिशन जाटव 35 वर्ष पुत्र धनपत का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक जयकिशन शनिवार को हापुड़ स्थित एक अस्पताल में रिश्तेदार को अस्पताल से छुट्टी दिलाने गया था। वहां से लौटकर आने के बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों उसकी काफी तलाश की और फोन किए, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार को शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो बच्चे हैं।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मूलरूप से शिवपुरा थाना परतापुर के रहने वाले हैं, लेकिन काफी सालों से जलालपुर गांव में रह रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद
बहसूमाक्षेत्र के गांव मोड कला के जंगल में सोमवार को प्रधान कृष्णपाल देशवाल के गन्ने के खेत में अज्ञात युवक का अध जला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन शव बुरी तरह से झुलसा हुआ था। चेहरे का कोई पता नहीं चल पा रहा है।
घटनास्थल पर युवक की शिनाख्त के लिए कोई सामान आदि कुछ नहीं मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले थाने भिजवाया। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि युवक की हत्या कर यहां फेंका गया है।
आसपास के खेत में भी हत्या हो सकती है इसके लिए छानबीन की जा रही है। सीओ मवाना ने भी घटनास्थल पर पहुंच मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक लैब टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है। सीओ मवाना ने थाना अध्यक्ष को निर्देश दिए कि आसपास पता करिए कोई लापता तो नहीं है ?