बड़ा खेल: सवालों के घेरे में लाइट एंड साउंड शो, 3.18 करोड़ खर्च हुए, 25 में से 21 लाइटें ठप, अफसर बोले-पहले हो ऑडिट
क्रांतिधरा के नायकों की वीरगाथाएं नई पीढ़ी को दिखाने के मकसद से शहीद स्मारक में लाइट एंड साउंड शो बंद पड़ा है। वहीं इसे लेकर पयर्टन विभाग और नगर निगम में तलवारें खिंच गई हैं।शहीद स्मारक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दस मई को शो का शुभारंभ किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रांतिधरा के नायकों की वीरगाथाएं नई पीढ़ी को दिखाने के मकसद से शहीद स्मारक में लाइट एंड साउंड शो के लिए लगा सिस्टम सवालों के घेरे में आ गया है। करीब 3.18 करोड़ रुपये से तैयार सिस्टम में निगम अफसरों ने तमाम खामियां बताते हुए थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग की है। यहां 25 में से 21 लाइटें खराब हैं। कंट्रोल रूम में भी प्लाई का दरवाजा लगा है। यहां न जेनरेटर है और न ही पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे।
पर्यटन विभाग ने स्वदेश दर्शन योजना के अन्तर्गत शहीद स्मारक पर वाप्कोस लिमिटेड द्वारा लाइट एंड साउंड सिस्टम स्थापित कराया। कंपनी ने इसे पर्यटन विभाग को हस्तांतरित कर दिया। दस मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण करते हुए यह शो देखा था। दस मई के बाद से ही यह शो ठीक से नहीं चल पाया और इन दिनों बंद है। कमिश्नर के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने इसे नगर निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद निरीक्षण करने पहुंची निगम की टीम ने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
टीम ने कहा कि बिजली न होने की दशा में शो चलाने के लिए कम से कम 25 केवी का साइलेंट जेनरेटर नहीं है। कंट्रोल रूम में दस लाख के उपकरण हैं और यहां लोहे की जगह प्लाई का दरवाजा है। कंट्रोल रूम में दस लाख के उपकरण हैं पर 1.5 टन का विंडो एसी नहीं। सिर्फ एक ही सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है जबकि जरूरत 10 की है। सुरक्षा के लिए तीन पालियों में तीन गार्डों की आवश्यकता है। निगम की रिपोर्ट के अनुसार संचालन पर प्रतिमाह लगभग 1.50 लाख रुपये खर्च होंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut news : बयानों में उलझ गई टूरिस्ट बस से महिला के गुम होने की कहानी, सामने आई ये बड़ी बात, जल्द खुलेगा राज
कैंट में है शहीद स्मारक
टीम ने सवाल उठाया है कि शहीद स्मारक नगर निगम क्षेत्र में नहीं है। यह कैंट में पड़ता है। इन दिनों यहां गार्ड एमडीए ने लगा रखे हैं।
दर्शकों के लिए शेड न बेंच
दर्शकों के बैठने के लिए यहां सीढ़ियां बनाई गई हैं, इनके ऊपर टिन शेड तक नहीं है। यहां बैंच भी नहीं लगाई हैं। भीषण गर्मी में बिना पंखे और टिन शेड के लोग कैसे बैठ पाएंगे। आसपास गंदगी का अंबार है और यहां सफाई की भी व्यवस्था नहीं है।
यह भी पढ़ें:UPSC: स्मृति भारद्वाज बोलीं- ग्रेजुएशन से ही करो तैयारी, टॉपर्स की कॉपियां और अखबार जरूर पढ़ो
कई खामियां, 50 लाख आएगा खर्च
हमने सहायक नगरायुक्त इंद्रविजय को साथ लेकर पिछले माह शहीद स्मारक लाइट एंड साउंड सिस्टम का निरीक्षण किया था। इसमें काफी कमियां पायी गई हैं। आठ बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करके नगरायुक्त को सौंप दी गई है। सही तरीके से साउंड सिस्टम चालू करने के लिए 50 लाख रुपये से अधिक का खर्च आएगा। पूरा प्रकरण कमिश्नर के सामने रखा जाएगा। - अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता नगर निगम।
मानकों पर खरा है सिस्टम
हमने लाइट एंड साउंड शो संचालित करने का कार्य नगर निगम को हैंडओवर कर दिया है। अब कोई दिक्कत नहीं है। अगर मानकों पर सवाल उठाए जा रहे हैं तो ये सरासर गलत है। सभी नियमों और मानकों का पालन करते हुए ही लाइट एंड साउंड शो के सिस्टम का निर्माण कराया गया है। - अंजू चौधरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, मेरठ