Meerut: महिला मरीज की अस्पताल में मौत, परिजनों का जमकर हंगामा
मेरठ के कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में एक महिला मरीज के मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा में सरधना रोड पर एक अस्पताल में महिला मरीज की मौत पर परिजनों ने शुक्रवार सुबह जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर महिला की मौत का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हाईवे स्थित खड़ोली गांव निवासी रिजवान ने शुक्रवार को पुलिस को बताया कि उसकी शादी लगभग सात साल पूर्व सायरा से हुई थी। लगभग 15 दिन पूर्व सरधना रोड स्थित अस्पताल में उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था। जिसके बाद से ही उसकी पत्नी के पैरों में लगातार दर्द चल रहा था।
वहीं उसकी पत्नी के कमर के नीचे का हिस्सा भी काम नहीं कर रहा था। जिसको लेकर दो दिन पूर्व परिजनों ने महिला को दोबारा से उसी अस्पताल में भर्ती कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही के चलते शुक्रवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। वहीं अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस के आगे ही अस्पताल प्रबंधन पर महिला की मौत का आरोप लगाया।
पुलिस अस्पताल से एक युवक को हिरासत में लेकर थाने आ गई। कंकरखेड़ा कार्यवाह थाना प्रभारी श्योपाल सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।