Meerut: पाकिस्तान के नंबर से किसान को आ रहीं भड़काऊ कॉल, देश विरोधी बातें करने का बना रहे दबाव
मेरठ के इकबाल नगर निवासी किसान आरिफ त्यागी ने पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप और वॉयस कॉल आने की शिकायत एसएसपी से की है। साइबर थाने को जांच सौंपी गई।
विस्तार
पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से लगातार आ रही कथित भड़काऊ कॉल से मेरठ के एक किसान और उनका परिवार दहशत में है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के इकबाल नगर निवासी किसान मोहम्मद आरिफ त्यागी ने आरोप लगाया है कि उन्हें कई दिनों से पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप और वॉयस कॉल की जा रही हैं।
कॉल करने वाला व्यक्ति देश और सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करता है और उन्हें भी ऐसा बोलने के लिए उकसाने का प्रयास करता है। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से शिकायत कर खुद और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले की जांच साइबर थाने को सौंपी गई है।
देश और सरकार के खिलाफ बोलने का दबाव बनाने का आरोप
इकबाल नगर निवासी मोहम्मद आरिफ ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पिछले कई दिनों से उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से लगातार व्हाट्सएप और वॉयस कॉल आ रही हैं। आरोप है कि कॉल करने वाला व्यक्ति देश और सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें करता है। साथ ही उन्हें भी ऐसी बातें बोलने के लिए उकसाने की कोशिश करता है। पीड़ित को आशंका है कि ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है, ताकि वह आवेश में आकर कुछ गलत बोल दें और बाद में उसका दुरुपयोग किया जा सके।
चार नवंबर को भी आई थी कॉल
आरिफ के मुताबिक, चार नवंबर की सुबह 10:17 बजे भी उसी नंबर से दोबारा कॉल आई थी। करीब 13 सेकेंड की इस कॉल में भी पहले की तरह भड़काऊ बातें दोहराई गईं। लगातार कॉल आने से वह और उनका परिवार परेशान है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है।
परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार
पीड़ित ने एसएसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और लोहिया नगर थाना पुलिस से जांच कराने की मांग की है। साथ ही खुद और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
साइबर थाने को सौंपी गई जांच
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले की जांच साइबर थाने को सौंप दी गई है। जांच के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।