मेरठ: सफाई कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, लापरवाही का आरोप लगाकर पेपर मिल के सामने धरना
मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में पेपर मिल में सफाई कर्मचारी राहुल की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया और पेपर मिल के सामने धरने पर बैठ गए।
विस्तार
मेरठ के परतापुर क्षेत्र में मोहिउद्दीनपुर चौकी के पास स्थित पासवाडा पेपर मिल में बुधवार को सफाई कर्मचारी राहुल (26) की मौत हो गई। परिजनों ने मिल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद भी उन्हें तत्काल जानकारी नहीं दी गई और घटना को छिपाए रखा गया। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को परिजनों ने पेपर मिल के सामने हंगामा किया और धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़े रहे।
यह भी पढ़ें: यूपी: बेबसी और आंसू, धूल के गुबार में समाए सपने, मेरठ मार्केट में बुलडोजर चलता देख फूट-फूटकर रोए लोग; तस्वीरें
मूल रूप से सरधना थाना क्षेत्र के इकड़ी गांव निवासी चंद्रपाल अपनी पत्नी सुनीता और बेटों राहुल व कुलदीप के साथ मोहिउद्दीनपुर की नई बस्ती में रहते हैं। राहुल के जीजा सुशील के अनुसार, पेपर मिल का सुपरवाइजर विकास राहुल को काम के लिए अपने साथ ले गया था। वहां राहुल की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब तीन घंटे बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। उनका यह भी कहना है कि मौत का कारण बताने में टालमटोल की गई। काफी दबाव डालने के बाद उन्हें बताया गया कि पेड़ पर मधुमक्खी का छत्ता तोड़ते समय राहुल गिर गया था।
पेपर मिल के सामने धरने पर बैठे परिजन
बृहस्पतिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन पेपर मिल के सामने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
परिजन कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े
राहुल के जीजा सुशील ने बताया कि राहुल की पांच वर्ष पूर्व राखी से शादी हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। परिजन लापरवाही के जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं।