यूपी होमगार्ड पीईटी: छह केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए बदला रिपोर्टिंग समय, क्या है नई टाइमिंग? जानें यहां
उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत जारी पीईटी में छह केंद्रों के अभ्यर्थियों के रिपोर्टिंग समय में बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को संशोधित समय के अनुसार परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के तहत 15 सितंबर 2026 से 11 जनपदों में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की जा रही है। बोर्ड ने अब छह जनपदों/केंद्रों पर पीईटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के रिपोर्टिंग समय में बदलाव किया गया है। अभ्यर्थी संशोधित समय के अनुसार परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
इन छह केंद्रों के अभ्यर्थियों पर लागू होगी नई व्यवस्था
नई व्यवस्था बरेली, फतेहपुर, मेरठ, जौनपुर, अयोध्या और लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के पीईटी ग्राउंड में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए लागू होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से अलग-अलग समय के स्लॉट में परीक्षा में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
दो स्लॉट के लिए बदला रिपोर्टिंग समय
जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक का स्लॉट दिया गया है, वे अब सुबह 5:00 बजे उपस्थित होकर पीईटी में शामिल हो सकते हैं।
वहीं, जिन अभ्यर्थियों का स्लॉट सुबह 8:00 बजे के बाद का है, वे अब सुबह 6:00 बजे उपस्थित होकर शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रतिभाग कर सकते हैं।
संतकबीर नगर केंद्र की परीक्षा लखनऊ में
रिजर्व पुलिस लाइंस, संतकबीर नगर में निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा को 18 सितंबर 2026 से डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ में आयोजित किए जाने की सूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।
क्या है जरूरी दस्तावेज?
- एडमिट कार्ड
- आवेदन फॉर्म की प्रति
- पहचान पत्र - आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस
- 10वीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र - आयु सत्यापन के लिए
- 12वीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र - पात्रता के अनुसार
- मूल निवास प्रमाण पत्र
- जाति/आरक्षण प्रमाण पत्र - यदि लागू हो
पुरुषों के लिए 4.8 और महिलाओं के लिए 2.4 किमी दौड़
यूपी होमगार्ड पीईटी में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में निर्धारित दौड़ पूरी करना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी तय दूरी की दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, उन्हें अंतिम चयन सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।