Meerut: तंत्र क्रिया का झांसा देकर 20 लाख रुपये व जेवर हड़पे, नगर निगम कर्मचारी ने एसएसपी से की शिकायत
ब्रह्मपुरी निवासी नगर निगम कर्मचारी ने दो आरोपियों पर तंत्र क्रिया के नाम पर 20 लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया। पीड़ित ने एसएसपी ऑफिस में शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी नगर निगम कर्मचारी बंटी ने दो आरोपियों पर तंत्र क्रिया के नाम पर लगभग 20 लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि एक वर्ष पूर्व अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद दोस्तों के माध्यम से उसे खत्ता रोड निवासी दो लोगों से मिलवाया गया, जिन्हें तांत्रिक बताया गया। आरोपियों ने घर में नकारात्मक ऊर्जा होने का हवाला देते हुए पांच लाख रुपये लिए और तंत्र क्रिया के जरिए समस्या हल करने का दावा किया।
यह भी पढ़ें: सम्राट मिहिर भोज विवाद: मेरठ में गुर्जर महापंचायत रोकने पर पथराव, पुलिस पर हमला, 22 लोग जेल भेजे
पीड़ित ने बताया कि उसने रुपये दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने कई बार उससे कुल 20 लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए। जब बंटी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी ऑफिस में शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ब्राह्मपुरी सीओ सौम्या अस्थाना ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पीड़ित को उचित सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई करेगी।
नगर निगम कर्मचारी का कहना है कि यह मामला न केवल आर्थिक धोखाधड़ी है बल्कि जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। पीड़ित ने अन्य लोगों को भी सतर्क रहने और ऐसे तंत्र क्रिया के झांसे में न आने की चेतावनी दी।