Meerut: नाली विवाद बना मौत की वजह, कहासुनी के बीच वृद्ध ने तोड़ा दम, आरोपी फरार
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के पंचगांव पट्टी अमर सिंह गांव में नाली और मवेशी बांधने के विवाद के दौरान 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के पंचगांव पट्टी अमर सिंह गांव में नाली और गली में मवेशी बांधने के विवाद के दौरान 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाली और मवेशी बांधने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार गांव निवासी 62 वर्षीय रामौतार सैनी का पड़ोसी सोनू से गली में मवेशी बांधने और नाली को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके दौरान रामौतार की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी जान चली गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सोनू की तलाश में उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला।
तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी सदर देहात सुधीर कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।