UP: जमीन के कब्जे को लेकर हमला, लाठी-डंडे व बंदूक की बट से पीटा, व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, ये है पूरा मामला
Meerut News : करीब आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे व बंदूक की बट से एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
मेरठ के हस्तिनापुर में खादर क्षेत्र में गंगा किनारे जमीन पर कब्जे को लेकर एक व्यक्ति पर हमला कर दिया गया। बताया गया कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला किया और कई राउंड फायरिंग भी की। इसके अलावा दो ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इस मामले में पीड़ित की ओर से थाना में तहरीर दी गई है।
फतेहपुर प्रेम निवासी गजेंद्र पुत्र डालचंद ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि गंगा नदी में दूसरी ओर मौजूद गैर आबाद गांव बुआ बेला पर जमीन की जोत को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है।
शनिवार को वह पशु चरा रहा था। जमीन के विवाद को लेकर आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे और बंदूक की बट से उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: रितु हत्याकांड: मुंह में कपड़ा ठूंसकर दी दर्दनाक मौत, वारदात ने उड़ाए हर किसी के होश, दंपती ने कुबूला जुर्म
परिवार के लोग उसे सीएचसी लेकर पहुंचे जहां पर हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं फतेहपुर प्रेम गांव के लोगों ने बताया कि गंगा किनारे कई राउंड फायर की भी आवाज आई। हालांकि पुलिस का कहना है कि तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: लश्कर-ए-तैयबा की धमकी: ठीक 13 नवंबर को बम से उड़ा देंगे, अलर्ट हुए रेलवे अफसर, स्टेशन पर बढ़ाई सुरक्षा
आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
थाने पर दी गई तहरीर में फायरिंग की कोई सूचना नहीं दी गई है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। - आशीष शर्मा, सीओ मवाना