मेरठ क्राइम रिपोर्ट: मनचलों ने छात्रा का जीना किया मुहाल, छोड़ा स्कूल जाना, दहेज हत्या में दोषी पति को उम्रकैद
मेरठ के शास्त्रीनगर में मनचलों की हरकतों से तंग आकर कक्षा 12 की छात्रा का जीना मुहाल कर दिया है। दहशत के कारण छात्रा स्कूल नहीं जा रही है। वहीं दहेज हत्या में दोषी पाए जाने पर पति को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। पढ़ें मेरठ से अपराध की बड़ी खबरें।
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर में मनचलों ने कक्षा 12 की छात्रा का जीना मुहाल कर दिया है। दहशत में छात्रा ने स्कूल भी जाना बंद कर दिया। सोमवार रात को घर से बाहर निकली छात्रा के साथ मनचलों ने छेड़खानी की। छात्रा ने विरोध किया तो मनचलों ने उसका हाथ पकड़ लिया। नौचंदी थाने में दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
नौचंदी थाना क्षेत्र में शास्त्रीनगर निवासी छात्रा इंटर की छात्रा है। उसका आरोप है कि शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में रहने वाला शुभम अपने साथी शानू के साथ मिलकर उसका पीछा करता था। कई महीनों उसे परेशान किया जा रहा है। शुभम रास्ते में रोककर बात करने की जिद करता है। कुछ दिन पहले भी शुभम और शानू ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसके बाद से छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया।
छात्रा ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। छात्रा के पिता ने शुभम के समक्ष विरोध जताया तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। सोमवार को हद ही हो गई। छात्रा घर से बाहर निकली तो शुभम और शानू ने उसे घेर लिया।
शुभम ने हाथ पकड़कर छेड़खानी करनी शुरू कर दी। छात्रा ने नौचंदी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। नौचंदी थाना प्रभारी ने बताया कि शुभम और शानू के खिलाफ छेड़खानी और धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव से तंत्र क्रिया करने वाले युवक एक युवती का अपहरण कर ले गए। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी तंत्र क्रिया के चलते युवती की हत्या कर सकते हैं। शिकायत के बाद भी थाना पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। मंगलवार को पीड़ित परिवार एसएसपी ऑफिस पहुंचा और युवती की बरामदगी की गुहार लगाई है।
परतापुर क्षेत्र के गांव गगोल निवासी रमेशपाल ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह उनकी बेटी मोनिका दवा लेने गई थी। इसके बाद वह नहीं लौटी। उसने परतापुर थाने में तहरीर दी। कई जगह बेटी को तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। 19 सितंबर को उन्होंने दो बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत की, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
22 सितंबर को उन्हें ग्रामीणों से पता चला कि गांव के तीन युवक और एक अन्य युवती को अगवा कर गाड़ी में ले गए थे। परिजनों के अनुसार पता चला है कि तीनों युवक तंत्र क्रिया करने वाले हैं। हत्या की आशंका जाहिर करते हुए उन्होंने बेटी की जल्द बरामदगी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग एसएसपी से की।
टोपी लगाकर गए युवक की एनएएस कॉलेज में पिटाई
एनएएस कॉलेज में टोपी लगाकर गए युवक की चार-पांच छात्रों ने पिटाई कर दी। युवक बहन के साथ फीस जमा करने गया था। युवक की तहरीर पर चार छात्रों को नामजद करते हुए 10 अन्य अज्ञात के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूरी घटना कॉलेज में लगे सीसीटीवी की फुटेज में मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
हाईवे स्थित एक गांव की निवासी युवती सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों के अनुसार युवती दोपहर गांव में एक दुकान पर सामान लेने गई थी। काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। बाद में काफी तलाश करने पर भी सुराग नहीं लगा। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है की तहरीर मिल गई है।
देहली गेट क्षेत्र से किशोरी का अपहरण
देहली गेट थाना क्षेत्र से किशोरी(16) घर से लापता हो गई। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह रविवार दोपहर दो बजे थापर नगर में सूट सिलवाने गई थी। करीब 5 बजे वापस लौटी तो उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर पर नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि किशोरी की तलाश में रजबन और श्याम नगर में दबिश दी थी। एक टीम को दिल्ली भेजा गया है। एक युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जीआरपी ने परिजनों को सौंपी मेरठ की किशोरी
खुद को पाकिस्तानी बताने वाली मेरठ की किशोरी के परिजन मंगलवार सुबह जीआरपी थाने पहुंचे। जीआरपी ने किशोरी और उसके परिवार से पूछताछ की और उनकी आईडी का मिलान करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का कहना था कि बेटी मानसिक रूप से बीमार है। इसके चलते कुछ दिन पहले घर से बिना बताए चली गई थी।
मेरठ के कोतवाली थाने में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज है। जीआरपी ने किशोरी के परिजनों को बताया कि वह मुरादाबाद के कटघर निवासी युवक निखिल शर्मा को देहरादून रेलवे स्टेशन पर मिली थी। उसने खुद को पाकिस्तानी नागरिक बताया और पासपोर्ट व रुपये चोरी होने की बात कहकर मदद मांगी। इसके बाद निखिल किशोरी को मुरादाबाद ले आया था।
पुलिस घंटों तक मशक्कत करती रही लेकिन किशोरी ने कुछ नहीं बताया। जब एलआईयू ने सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि किशोरी मेरठ की है। पुलिस ने मेरठ में उसके परिजनों व वहां की पुलिस से संपर्क कर उसे सकुशल लौटा दिया। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि परिजन उसे लेकर मेरठ रवाना हो गए हैं।
छह क्विंटल आटा लेकर फरार हुए युवक
गाजियाबाद के मोदीनगर से छह क्विंटल आटा आर्डर पर मंगवाने के बाद दो युवक बिना भुगतान किए ही माल लेकर फरार हो गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोदीनगर निवासी शशि प्रभा ने कंकरखेड़ा पुलिस को बताया कि उन्होंने मोदीनगर में एक फ्लोर कंपनी खोल रखी है। सोमवार को मेरठ निवासी एक युवक पहुंचा था। उसने छह क्विंटल आटा डिलीवर करने की बात कही थी। युवक ने माल उतारने के बाद भुगतान करने के लिए कहा था।
मंगलवार को टेंपो चालक अमित अपने भतीजे के साथ माल लेकर मोदीनगर से मेरठ पहुंचा। इसके बाद चालक ने इस आर्डर बुक कराने वाले युवक को फोन कर बुला लिया। इसके बाद छह क्विंटल आटा उसके वाहन में लोड कर लिया।
डिलीवरी के लिए भुगतान मांगा ताे युवक ने छोले कुलचे खाने के बाद रुपये देने के लिए कहा। पीड़ित भी भतीजे के साथ छोले कुलचे खाने लगा। इसी दौरान मौका पाते ही दोनों आरोपी अपने वाहन में आटा लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना कि मामले की जांच कराई जा रही है।
पति से झगड़े के बाद मंगलवार देर शाम महिला ने मलियाना पुल से कूदने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और थाने ले गए। शारदा रोड पर अपने नाना के यहां रहने वाली निशा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व मुल्तान नगर निवासी अवनीश से हुई थी। दोनों काफी समय तक पंजाब में रहे। करीब आठ माह पूर्व वहां से वापस लौट आए। मंगलवार शाम निशा अपने नाना के यहां चली गई। अवनीश ने वहां पहुंचकर हंगामा कर दिया। किसी तरह हंगामा शांत हुआ। नाना के यहां से लौटते समय निशा ने मलियाना पुल से कूदने का प्रयास किया। लोगों ने उसे किसी तरह रोका और थाने ले गए। देर रात दोनों पक्ष थाने में जमे थे।
जेठ पर दुष्कर्म, जमीन कब्जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक मवाना रोड एक कालोनी निवासी महिला मंगलवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची। जेठ पर छेड़छाड़ व दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बताया कि उसका जेठ और ससुराल वाले काफी समय से उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। इसी के चलते उसके पति की भी मौत हो चुकी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद जेठ उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि किठौर थाना पुलिस आरोपी जेठ से मिली हुई है। उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने किठौर पुलिस को जांच कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रहलाद सिंह द्वितीय ने दहेज हत्या के मामले में आरोपी पति अनिल निवासी नरहेड़ा खरखोदा मेरठ को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। सरकारी अधिवक्ता अंजलि त्यागी ने बताया कि वादी फिजू ने थाना खरखौदा मेरठ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी रमा देवी की शादी आरोपी के साथ वर्ष 2007 में हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी ने दहेज मांगना शुरू कर दिया था। इसके लिए कई बार मोटरसाइकिल ना देने पर उसकी बेटी के साथ पिटाई करते थे। 25 जुलाई 2012 को आरोपी ने सुबह 9:00 बजे उसकी लड़की के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
महिला से फोन पर की अश्लील बात, रिपोर्ट
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की एक महिला को किसी अनजान व्यक्ति ने फोन व मेसेज कर परेशान कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज व अश्लील बातें भी कीं। महिला को अपनी बताई जगह पर बुलाने लगा। विरोध करने पर उसका नंबर युवकों में बांट दिया और एक अश्लील व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। महिला को बदनाम करने की धमकी भी दे डाली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक क्विंटल सरिये के साथ चोर दबोचा
पल्लवपुरम पुलिस ने मंगलवार काे जटौली रेलवे लाइन के पास एक चोर को एक क्विंटल सरिये और अन्य सामान के साथ पकड़ लिया। थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने बताया कि एक सूचना पर की जा रही चेकिंग के दौरान यह आरोपी पकड़ा गया। उसने बताया कि यह माल चुराया गया है। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम एकता नगर पल्लवपुरम निवासी दीपक बताया। आरोपी पर जिले के विभिन्न थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं।
छेड़छाड़ का आरोपी दो घंटे में गिरफ्तार
मेडिकल थाना क्षेत्र के ई-ब्लॉक में युवती से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल थाना क्षेत्र के ई-ब्लॉक में मंगलवार शाम करीब सात बजे एक युवती से बाइक सवार युवक ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने शोर मचाया तो आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद पुलिस ने छेड़छाड़ करने वाले लिसाड़ी गेट निवासी महताब को गिरफ्तार कर लिया।