Meerut Crime Report: मुठभेड़ में गोतस्कर घायल, दो फरार, ग्राम प्रधान ने कब्जाई स्कूल संचालक की जमीन
कंकरखेड़ा में मंगलवार देर रात मुठभेड़ में एक गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं ग्राम प्रधान और उसके रिश्तेदार ने स्कूल संचालक की भूमि कब्जा ली। पढ़ें अपराध समाचार।
विस्तार
कंकरखेड़ा में मंगलवार देर रात मुठभेड़ में एक गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने जंगल में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने घायल बदमाश को मेडिकल के लिए भेज दिया।
सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि मंगलवार रात में सूचना मिली की तीन गो तस्कर किसी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में कंकरखेड़ा व पल्लवपुरम पुलिस ने संयुक्त रूप से सरधना रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। सरधना की तरफ से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने छोटा हाथी को जिंझोखर गांव के जंगलों की तरफ मोड़ दिया। पुलिस की घेराबंदी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दो बदमाश फरार हो गए। घायल बदमाश की पहचान परवेज निवासी घंटा वाली गली फिरोजनगर थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई। पुलिस को मौके से तमंचा, कारतूस, एक दांव, छुरी और दरांती बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गो तस्करों ने दो दिन पूर्व डाबका गांव में गोवंश के अवशेषों को फेंका था।
यह भी पढ़ें: Baghpat: बड़ौत में CM योगी बोले- विकास में जाति-धर्म नहीं आएगा आड़े, जनता वैदिक कॉलेज बनेगा विश्वविद्यालय
ग्राम प्रधान और रिश्तेदार ने कब्जाई स्कूल संचालक की जमीन
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र में रहने वाले एक स्कूल संचालक ने सिसौली गांव में स्थित पैतृक भूमि को ताऊ के बेटे और ग्राम प्रधान पर कब्जाने का आरोप लगाया है।
शास्त्रीनगर एल ब्लॉक निवासी योगेश सिंह बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। योगेश ने बताया कि उनकी सिसौली में 14 बीघा खेती की जमीन और 209 गज का प्लॉट है। आरोप है कि उनके तहेरे भाई रिटायर्ड फौजी ने ग्राम प्रधान के साथ मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। मामले में कई बार थाने में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने एसपी देहात को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए है।
निर्माण में लगे मजदूर की नीचे गिरकर मौत
मवाना में नहर पुल के पास एक कालेज में निर्माण कार्य में लगे कुनकुरा निवासी बाबूलाल (32) पुत्र बख्तावर तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाया। सूचना पर परिजनों में शोक छा गया।
गंगानगर में ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली युवती का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को युवती के परिजनों ने गंगानगर डिवाइडर रोड स्थित पार्क के पास जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के साथ युवती के परिजनों को भी हिरासत में ले लिया और तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मवाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती गंगानगर में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। वह पार्लर संचालक के घर में ही रहती है। परिजनों के मुताबिक ढिकौली गांव निवासी एक युवक को उनकी बेटी का फोन नंबर मिल गया। उसने किसी दूसरे युवक की फोटो लगाकर मेसेज भेजने शुरू कर दिए और धोखे से उसकी अश्लील वीडियो बना ली। वह युवती को ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि एक साल से परेशान युवती ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया तो आरोपी ने पार्लर संचालक के पास कॉल कर युवती के परिजनों को मारने की धमकी दी।
बुधवार दोपहर परिजनों ने युवती के माध्यम से युवक को गंगानगर डिवाइडर रोड पर बुला लिया और जमकर पिटाई कर दी। यह देख भीड़ लग गई और किसी ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस आरोपी युवक व युवती के परिजनों को भी थाने ले आई। पुलिस ने तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
घर में घुसकर मारपीट एक घायल
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के पीपलीखेड़ा में छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मारपीट का केस दर्ज किया जा रहा है।
गैंगस्टर के चार आरोपियों को जेल भेजा
मेरठ के टीपीनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार आरोपी परतापुर निवासी आबाद, औरंगजेब, हुमायूं और अफजाल को मुखबिर की सूचना पर बागपत फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ हत्या, बलवा और मारपीट का केस दर्ज था। इंस्पेक्टर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि चारों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
महिला आयोग पहुंची सोफिया स्कूल की शिकायत
मेरठ कैंट स्थित सोफिया गर्ल्स स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला महिला आयोग में पहुंच गया है। समाज सेविका व प्रोफेसर मीना राजपूत ने इस मामले में महिला आयोग से शिकायत की है। कुछ दिन पहले स्कूल में बॉस्केटबॉल के दो कोच पर कक्षा सात की छात्रा से छेड़छाड़ व अश्लील मेसेज भेजने का आरोप लगा था, जिसे लेकर अभिभावकों ने स्कूल में शिकायत भी की और स्कूल प्रशासन ने दोनों कोच को स्कूल से बाहर कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने भी छानबीन की थी। वहीं अब मामले की महिला आयोग में शिकायत की गई है।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बागड़ियान मोहल्ले में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चर्चा रही कि महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं बीमारी से मौत की बात भी पुलिस को बताई गई। बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। चर्चा रही कि महिला के पति ने कर्ज लिया हुआ था। कर्ज मांगने वाले रोजाना महिला को धमका रहे थे, जिसके चलते वह परेशान हो गई थी। बुधवार को भी उन्हें धमकाया गया, जिससे परेशान होकर सुसाइड किया है। ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जमीन को लेकर विवाद, सीओ करेंगे जांच
जमीन को लेकर दो पक्षों में चल रहे विवाद की एसएसपी से शिकायत के बाद सीओ ब्रह्मपुरी को जांच सौंपी गई है। मधुबन काॅलोनी निवासी कमलेश ने बताया कि उन्होंने 18 वर्ष पूर्व दूसरे पक्ष से मधुबन काॅलोनी स्थित 187 वर्ग गज प्लाट का सौदा 3.08 लाख रुपये में किया था। इकरारनामे के वक्त दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
तय हुआ कि 31 दिसंबर 2005 तक बैनामा कराते हुए शेष भुगतान करा दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं होने पर मामला कोर्ट में चला गया। कमलेश ने बताया कि 2015 में कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। द्वितीय पक्ष ने जिला जज की कोर्ट में वाद दायर किया, लेकिन वहां भी हार मिली। इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी याचिका डाली गई लेकिन वह खारिज हो गई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि सीओ ब्रह्मपुरी को जांच सौंपी गई है।
भ्रष्टाचार के मामले में दरोगा को 5 साल की कैद
न्यायालय अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रहलाद सिंह द्वितीय ने भ्रष्टाचार के आरोप में दरोगा संतोष कुमार सिंह पुत्र देवनारायण सिंह निवासी लखनऊ को रिश्वत लेने के आरोप में दोषी पाते हुए 5 वर्ष का सश्रम कारावास और 20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
सरकारी वकील सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि धीरेंद्र सिंह पुत्र धर्मपाल निवासी गाजियाबाद ने 2011 में थाना गौतमबुद्धनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की शादी 2008 में नोएडा के रहने वाले गजेंद्र कुमार के साथ हुई थी। दहेज की मांग के चलते दहेज उत्पीड़न का मुकदमा गाजियाबाद थाने में दर्ज हुआ था।
जांच में बदलाव करने के लिए आरोपी दरोगा संतोष कुमार सिंह ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद आरोपी दरोगा पर रिश्वत लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। न्यायालय में आरोपी ने कहा कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है, जिसका सरकारी वकील ने कड़ा विरोध किया। न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनकर तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य को देखते हुए आरोपी को सजा सुनाई।