Meerut Crime Report: सिपाही की पत्नी से दुष्कर्म का आरोपी जेल भेजा, फायरिंग करने का आरोपी दबोचा
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी युवक को मंगलवार नोएडा एसटीएफ ने अपने साथ ले गई। वहीं ई-रिक्शा चालक दिव्यांशु की मौत को परिजनों ने हत्या बताकर हंगामा किया। पढ़ें अपराध समाचार।
विस्तार
दौराला थाना क्षेत्र में 10 अक्तूबर को ई-रिक्शा चालक दिव्यांशु की मौत को परिजनों ने हत्या बताया है। मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ितों ने हंगामा करते हुए गांव के ही एक युवक पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के मुताबिक मटौर निवासी सुंदर के साथ ग्रामीण मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। सुंदर ने बताया कि उसका बेटा दिव्यांशु ई-रिक्शा चलाता था। सुंदर के मुताबिक 10 अक्तूबर की रात गांव का युवक दिव्यांशु घर से बुलाकर ले गया था। अगले दिन दिव्यांशु का शव खेत में मिला। बराबर में ही उसका ई-रिक्शा पलटा हुआ था। इसमें से बैटरी और दिव्यांशु का आईफोन भी गायब था।
पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को हादसा बताकर दिव्यांशु का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोप है कि उन्होंने घटना के समय भी हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपी के परिजन समझौते का दबाव बनाकर गांव से निकालने की धमकी दे रहे हैं।
सिपाही की पत्नी से दुष्कर्म का आरोपी जेल भेजा
मेरठ। थाना भावनपुर क्षेत्र के एक गांव के निवासी सिपाही की पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी बजरंग को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने गोद में लिए बच्चे पर तमंचा तानकर दुष्कर्म किया था।
भावनपुर इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि दस अक्तूबर को इस कृत्य को अंजाम दिया गया। उस समय महिला पांच माह के बच्चे को गोद में लेकर सो रही थी। बच्चे पर तमंचा तानकर धमकी दी गई और बाद में दुष्कर्म किया गया था। महिला ने बताया था कि घटना के बाद आरोपी अन्य दो साथियों की मदद से फरार हो गया था।
जागृति विहार एक्सटेंशन में घर खंगाला
मेरठ। मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार एक्सटेंशन में चोरों ने ताले तोड़कर एक घर खंगाला। सराय काजी निवासी ललित शर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे बाहर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने 46 हजार रुपये और जेवरात चोरी कर लिए।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
मेरठ। लालकुर्ती पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के झुग्गी घोसी निवासी मोनू उर्फ नदीम को मंगलवार बूचड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया।
फायरिंग करने का आरोपी दबोचा
ब्रह्मपुरी पुलिस ने सोमवार को छेड़छाड़ व स्टंटबाजी का विरोध करने पर फायरिंग करने का आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शकूर नगर में अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदार मोहम्मद बिलाल अब्बासी पर फायरिंग कर दी थी। इसमें रिहान, मोनू, जुबेर व जुनेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इनमें से पुलिस ने जुबेर उर्फ आकाश निवासी रसीद नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पाॅक्सो व एसटी-एसटी एक्ट में वांछित गिरफ्तार
थाना पुलिस ने पाॅक्सो एक्ट में वांछित चल रहे युवक को मंगलवार को रिठानी पीर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभिषेक निवासी सेक्टर 4बी शताब्दी नगर कई माह से पाॅक्सो एक्ट में वांछित था। इंस्पेक्टर परतापुर नरेंद्र सिंह ने बताया कि छह माह पूर्व अभिषेक ने नाबालिग के घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट की थी।
साइकिल सवार से मोबाइल लूटा
परतापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल्ली रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल सवार युवक से मोबाइल लूट लिया। मोहकमपुर निवासी मोनू उद्योगपुरम स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। मंगलवार सुबह वह काम पर जा रहा था। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और भाग गए। इस दौरान साइकिल सवार युवक असंतुलन खो बैठा और सड़क गिर गया।
लिसाड़ीगेट से युवक को ले गई नोएडा एसटीएफ की टीम
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी युवक को मंगलवार नोएडा एसटीएफ ने अपने साथ ले गई। इससे युवक के परिजनों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि मुजीबुर्रहमान नाम के युवक को एसटीएफ किसी पासपोर्ट से जुड़े मामले में साथ ले गई है। मुजीबुर्रहमान पासपोर्ट एजेंट का भी काम करता था। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी ने बताया कि एसटीएफ की दबिश के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।