फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: Saw advertisement on Facebook, two lakh rupees were stolen from account as soon as clicked,

Meerut Crime News: फेसबुक पर देखा विज्ञापन, क्लिक करते ही खाते से उड़े दो लाख रुपये, पढ़ें क्राइम की खबरें

Fri, 18 Jul 2025 10:23 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Fri, 18 Jul 2025 10:23 AM IST
सार

सम्राट पैलेस निवासी 75 वर्षीय ब्रजमोहन से 11 जुलाई की रात साइबर क्राइम हो गया। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

विज्ञापन
Meerut Crime News: Saw advertisement on Facebook, two lakh rupees were stolen from account as soon as clicked,
साइबर क्राइम। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

फेसबुक पर विज्ञापन देख बैंक का एप डाउनलोड करने के दौरान बुजुर्ग फिशिंग हमले का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनके खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

नौचंदी थाना क्षेत्र के गढ़ रोड सम्राट पैलेस निवासी 75 वर्षीय ब्रजमोहन का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। 11 जुलाई की रात करीब 12 बजे फेसबुक पर उन्होंने एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करके उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक का एप डाउनलोड किया। इस दौरान साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। जब वह कुछ समझ पाते साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस ने अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। बैंकों को रकम फ्रीज करने के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विज्ञापन

 

सराफ का 10 लाख रुपये कीमत का सोना लेकर कारीगर भागा

देहली गेट थाना क्षेत्र के सराफ का करीब 10 लाख रुपये कीमत का सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर भाग गया। पीड़ित ने देहली गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नील गली सराफा बाजार स्थित ओम प्लाजा में सराफ आरिफ मोला की एएम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके पास पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सनतपुरा जागलारी निवासी शेख अमीरुल इस्लाम कारीगर के रूप में काम करता था। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने एक जुलाई को शेख अमीरुल इस्लाम को 92.67 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए दिया था। इस दौरान उन्होंने वीडियो भी बनाया था। शेख अमीरुल इस्लाम ने एक सप्ताह में आभूषण बनाने का आश्वासन दिया था। आरिफ मोला ने करीब 10 दिन बाद उसे आभूषण लाने के लिए फोन किया तो उसने तीन दिन का समय और मांगा। तीन दिन बाद उन्होंने फोन किया तो आरोपी का मोबाइल बंद था। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि शेख अमीरुल इस्लाम उनका सोना लेकर पश्चिम बंगाल भाग गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर सोना वापस दिलाने की मांग की। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी जाएगी। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

रास्ते से बाइक हटाने को लेकर पथराव, फायरिंग

लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अहमद नगर में बृहस्पतिवार दोपहर रास्ते में खड़ी बाइक हटाने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान पथराव-फायरिंग भी हुई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अहमदनगर निवासी मारुफ कांच के पुल पर फलों का ठेला लगाता है। घर के पास में अजहर का कारखाना है। बृहस्पतिवार दोपहर मारुफ ठेला लगाकर जा रहा था। अजहर के कारखाने के सामने बाइक खड़ी थी। मारुफ ने बाइक हटाने को कहा तो उसकी अजहर के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि अजहर ने कारीगरों के साथ मिलकर हमला कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोप है कि कुछ देर के बाद अजहर ने अपने साथियों बुलाकर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने पथराव भी किया। इसमें मारुफ पक्ष से आदिल, मानू और इरफान घायल हो गए। आरोपियों ने फायरिंग भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जानकारी ली। दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि फायरिंग की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। 
 
विज्ञापन

महिला से छेड़छाड़, बच्चों की हत्या की धमकी

लोहियानगर थाना क्षेत्र की एक काॅलोनी में किराये पर रह रही महिला से युवक ने घर में घुसकर छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर महिला से मारपीट की। आरोपी ने संबंध न बनाने पर महिला के बच्चों का हत्या करने की धमकी दी है। महिला ने थाने पर तहरीर दी है।
थाने में दी तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया कि काॅलोनी का एक युवक उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी दे रहा है। वह उससे जबरन संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। बुधवार रात महिला का पति काम पर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। महिला आरोपी के घर पहुंची और उसके परिजनों से शिकायत की। इससे गुस्साया आरोपी बृहस्पतिवार सुबह महिला के घर पहुंचा और उसके बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर चला गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
 

पिटाई से घायल ई रिक्शा चालक की मौत

नौचंदी थाना क्षेत्र में एक जुलाई को युवकों द्वारा किए गए हमले में घायल ई रिक्शा चालक नदीम ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। खत्ता रोड निवासी नदीम ई रिक्शा चलाता था। नौचंदी मैदान के पास एक जुलाई को तीन युवकों ने लाठी डंडों से उस पर जानलेवा हमला किया था। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां बृहस्पतिवार को उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी मुस्कान ने तीन युवकों के खिलाफ नौचंदी थाने पर तहरीर दी है। 
 

लेफ्टिनेंट कर्नल के नौकरों से पुलिस ने की पूछताछ

सदर बाजार थाना क्षेत्र के छावनी एरिया में विक्रम बत्रा एंक्लेव में लेफ्टिनेंट कर्नल रणदीप मलिक के आवास में हुई चोरी का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी। सदर बाजार पुलिस में लेफ्टिनेंट कर्नल के दो नौकरों से गहन पूछताछ की, लेकिन दोनों से कुछ भी सुराग नहीं मिल सकता। लेफ्टिनेंट कर्नल रणदीप मलिक मंगलवार को गुरुग्राम गए थे। उनकी पत्नी और बच्चे मेरठ में ही रिश्तेदारी में चले गए थे। रात्रि में लेफ्टिनेंट कर्नल के घर में चोरी कर ली थी। बुधवार को लेफ्टिनेंट कर्नल आए तो चोरी की घटना का पता चला। चोर मकान के ताले तोड़कर 30 हजार रुपए, सोने के कड़े, डायमंड की इयररिंग, सोने की चेन चोरी कर ले गए थे। लेफ्टिनेंट कर्नल की ओर से सदर बाजार थाना में चोरी की रिपोर्ट कराई गई है। सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि करीब छह लाख की चोरी हुई है। दोनों नौकरों को बुलाकर गहन पूछताछ की गई, मगर कोई ठोस जानकारी उनसे नहीं मिल सकती। अभी तक पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सकता है। सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। 

मवाना में दिनदहाड़े सराफ के घर लूट का प्रयास

भैंसा रोड पर मोहल्ला मुन्नालाल में सराफ के घर में तीन बदमाश बृहस्पतिवार शाम 4:15 बजे घुस आए। बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। दो फायर भी किए, लेकिन घर सराफ की पत्नी सहित परिवार के लोगों के विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। तीनों बदमाशों ने कपड़े से मुंह ढक रखा था। वहीं, पुलिस बदमाशों को पकड़ने के बजाए परिजनों से पूछताछ करके ही लौट गई।
सराफ पंकज की बाजार में ही दुकान है और घर भैंसा रोड पर मोहल्ला मुन्नालाल में रानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कालेज के सामने है। पंकज की पत्नी गुंजन ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम घर में वह, उसका 18 वर्षीय बेटा काव्य, 14 वर्षीय पुत्री श्रद्धा थे। शाम 4:15 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया तो बच्चों ने समझा स्कूल में पीटीएम थी, शायद कोई शिक्षक आया हो। जैसे ही दरवाजा खोला तो नकाबपोश तीन बदमाश हाथों में हथियार लिए खड़े थे। बदमाशों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया। गुंजन ने आगे आकर विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर किया। गनीमत रही कि गोली दीवार में लगी। इसके बाद गुंजन के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। इसी दौरान गुंजन के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों ने विरोध किया और शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश फायर करते भाग निकले।
परिजनों ने बताया कि बदमाश कोई ऐसी चीज भी ले रहे थे, जिससे उन्होंने घर में धुआं भी किया। परिवार वालों के साहस के आगे बदमाश टिक नहीं पाए और बिना लूट किए ही भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आई और पूछताछ करके चली गई। पुलिस ने बदमाशों को तलाश नहीं किया। मवाना सीओ अभिषेक पटेल का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच कराई जा रही है।
 

वृद्धा से सोने के कुंडल व नकदी लूट की रिपोर्ट दर्ज

रोहटा थाना क्षेत्र के गांव सलाहपुर निवासी 66 वर्षीय किंतल देवी 11 जुलाई को जिला अस्पताल में आंखों की दवा लेने आई थी। किसी महिला ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया। उनके कानों से सोने के कुंडल और 25 हजार की नकदी लूट ली। सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और उन्हें घर ले गए। होश में आने पर पीड़िता ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना बताई। महिला के पति राम सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
 

मवेशी चोर गिरोह की कार बनी आग का गोला

भावनपुर थाना के गांव नंगलाशाहू निवासी हारुन ने बताया कि बुधवार की रात करीब दो बजे उसके घेर में बंधे मवेशी को बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर सैंट्रो कार सवार तीन बदमाश अपनी कार में डालकर फरार हो गए। हारुन ने थाने पर तहरीर दी। इसके बाद सैंट्रो कार सवार बदमाश नंगलाशाहू से फरार होने के बाद गांव पचपेडा जा पहुंचे और गांव निवासी जब्बार के घर के बाहर बंधे मवेशी को इंजेक्श्न लगाकर गाड़ी में लादकर फरार होने लगे। इसी बीच गांव के बाहर बदमाशों की गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में उतरते हुए आग लग गई। बदमाशों ने मवेशी को कार से उतारा और फरार हो गए। दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। भावनपुर इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
 

निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी

मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार एक्सटेंशन में निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर बदमाश हजारों की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है। क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदात होने से स्थानीय लोगों में रोष है।
थाने में तहरीर देकर राजीव शर्मा ने बताया कि जागृति विहार एक्सटेंशन सेक्टर-5 में उनके मकान का निर्माण चल रहा है। बुधवार शाम वह मकान का ताला लगाकर गए थे। बृहस्पतिवार सुबह पहुंचे तो मुख्य द्वार और कमरों के ताले टूटे हुए थे। बदमाश एक वैल्डिंग मशीन, पानी का मोटर, लोहे की पुरानी खिड़कियां, चौखट की एंगल और सरिया आदि सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। स्थानीय लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पूर्व में हुई वारदातों का खुलासा करने की मांग की है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed