फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: 38 vehicles auctioned in police station, woman going to jump into canal saved

Meerut Crime News: थाने में की 38 वाहनों की नीलामी, नहर में कूदने जा रही महिला को बचाया,पढ़ें-अपराध संक्षेप

Tue, 17 Jun 2025 05:46 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: डिंपल सिरोही Updated Tue, 17 Jun 2025 05:46 PM IST
सार

मवाना में शाम 4 बजे के आसपास एक महिला जान देने के इरादे से हस्तिनापुर रोड स्थित नहर पुल पर पहुंच गई। गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने समय रहते हुए उसे बचा लिया।

विज्ञापन
Meerut Crime News: 38 vehicles auctioned in police station, woman going to jump into canal saved
- फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सरूरपुर थाने में ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत 38 माल मुकदमाती, एमवीएक्ट में 38 वाहनों की नीलामी की गई। नीलामी ठेकेदार इमरान ने पांच लाख एक हजार रुपयों की सबसे अधिक बोली लगाकर अपने नाम कराई। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि सोमवार को 38 वाहनों की प्रक्रिया नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार की निगरानी में पूरी की गई। थाने के माल खाने में जमा मुकदमाती व एमवीएक्ट दस कार व 28 बाइक की कीमत आरटीओ के द्वारा तीन लाख चव्वन हजार नौ सौ रुपये तय गई थी। सर्वाधिक बोली पांच लाख एक हजार रुपये रही। इस दौरान थाना प्रभारी अजय शुक्ला मौजूद रहे। संवाद

विज्ञापन


नहर में कूदने को तैयार महिला को लोगों ने बचाया
मवाना में शाम 4 बजे के आसपास एक महिला जान देने के इरादे से हस्तिनापुर रोड स्थित नहर पुल पर पहुंच गई। महिला नहर में कूदने के इरादे से पुल पर चढ़ी ही थी कि एक बाइक सवार की नजर महिला पर पड़ गई। उसने दौड़कर महिला को नीचे खींच लिया। बताया गया है कि महिला का पति उसको पीटता हुआ ला रहा था। जैसे ही महिला पति से छुटकर दौड़कर पुल पर चढ़ी तो पति वहां से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को लेकर सुभाष चौकी पर ले गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने तीन शादी कर रखी है, वह तीसरे नंबर की है। अब उसका पति किसी अन्य के चक्कर में है। आज उसने पति को अन्य महिला से बात करते हुए पकड़ लिया। महिला ने कोई तहरीर नहीं दी है। महिला के 10 माह का पुत्र है। पांच साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। 

विज्ञापन

होटल मालिक पर रुपये नहीं देने का लगाया आरोप
दौराला में नंगला ऐजदी निवासी सागर, गुड्डू, गोलू ने हाईवे स्थित एक होटल मालिक पर मजदूरी के रुपये नहीं देने का आरोप लगाया। सागर ने बताया कि वह एक होटल पर कार्य करते थे। सागर के 15 हजार, गुड्डू के 30 हजार, गोलू के 12 हजार रुपये मजदूरी के बकाया है।

उन्होंने बार-बार मालिक से अपनी मजदूरी के रुपये मांगे, लेकिन वह रुपये नहीं दे रहा है। मजदूरी नहीं मिलने से उनके परिवार के सामने भरण पोषण की समस्या आ रही है। पीड़ितों ने सोमवार को दौराला थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

फायरिंग के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
सरधना में सलावा गांव में घर में घुसकर मारपीट और घुड़चढ़ी के दौरान पीड़ित के घर फायरिंग करने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। गांव सलावा निवासी कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश ने सोमवार को सीओ संजय कुमार जायसवाल को प्रार्थना पत्र दिया।

बताया कि कुछ दिन पहले गांव के आरोपियों ने घर में घुसकर उसकी मां के साथ मारपीट की थी। पीड़ित ने बताया कि थाना पुलिस ने शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों की धमकी से परिवार के सदस्य दहशत में है। सीओ ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

विज्ञापन

पावरलूम के बाहर बाइक चोरी का प्रयास
सरधना के मोहल्ला गोमती नगर में जियाउर्रहमान की पावरलूम में चोर ने चोरी का प्रयास किया है। आरोपी ने पेंचकश से फैक्टरी के बाहर खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर चोरी का प्रयास किया है। आरोपी घटना को अंजाम देने में नाकाम रहा है।  

मोहल्ला गोमती नगर निवासी जियाउर्रहमान ने तहरीर में बताया कि सोमवार को वह अपने कारीगरों के साथ फैक्टरी की दूसरी मंजिल पर काम कर रहा था। इसी बीच एक चोर उसकी फैक्टरी में घुसा।

आरोपी ने फैक्टरी में कई जगहाें पर तलाशी ली। इसके बाद आरोपी ने पेचकश से फैक्टरी के बाहर खड़ी बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास किया। पूरी घटना फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकाॅर्ड हो गई। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।  

विज्ञापन

उत्तराखंड में महिला बाइकर्स से छेड़छाड़ करने वाले दो पकड़े
हरिद्वार जनपद के नारसन के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर महिला बाइकर्स से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को हरिद्वार पुलिस ने मेरठ पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। पल्लवपुरम थाने पर दुल्हेरा चौकी प्रभारी की ओर से कार मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कार मालिक पल्लवपुरम फेज 2 निवासी देवेंद्र कुमार हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कार भी कब्जे में ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। 

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार और मेरठ पुलिस ने यह कार्रवाई की है। घटना शनिवार देर रात उत्तराखंड के नारसन हाइवे की बताई जा रही है। एक महिला बाइकर्स अपने टूर से वापस उत्तराखंड लौट रही थी। हाईवे पर वैन में सवार कुछ युवकों ने अश्लील इशारे किए।

महिला ने युवकों की हरकत की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में वैन का नंबर भी दिखाई दे रहा है, जिसमें सवार युवकों ने कपड़े उतार कर अश्लील इशारे किए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी मेरठ निवासी हैं, इस संबंध में पल्लवपुरम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।  

खेत में पानी जाने पर पड़ोसी किसान ने की मारपीट
लोहियानगर क्षेत्र के जलालपुर इंदिरा कॉलोनी में खेत में पानी जाने पर पड़ोसी ने किसान और उसके नौकर के साथ मारपीट की। दोनों पर पिस्टल तानते हुए दोबारा खेत में पानी जाने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी युनूस के जलालपुर इंदिरा कॉलोनी में खेत हैं। 

थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उसने बताया कि वह अपने नौकर जाकिर कॉलोनी चमड़ा पैठ निवासी उमर के साथ शनिवार शाम अपने खेत पर पानी चलाने गए थे। इस दौरान पड़ोसी किसान पप्पल के खेत में पानी चला गया।

आरोप है कि पप्पल अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर वहां आया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। आरोपी ने अवैध पिस्टल तानते हुए धमकी दी कि दोबारा उसके खेत में पानी गया तो जान से मार देगा। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 
 

खंभे पर काम करते समय लाइनमैन झुलसा
कंकरखेड़ा के पावली खास गांव में सोमवार रात विद्युत लाइन की चपेट में आने पर करंट लगने से लाइनमैन मुनेश उर्फ मुन्ना गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उसे हायर सेंटर भेज दिया गया। मुनेश शटडाउन लेकर खंभे पर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान आपूर्ति शुरू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया।

मुंडाली थाना क्षेत्र के बढ़ला कैथवाड़ा गांव निवासी मुनेश कुमार उर्फ मुन्ना विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी है। मुनेश लगभग 15 वर्षों से कंकरखेड़ा बिजली घर पर तैनात है। मुनेश पावली खास गांव में लाइन ठीक करने के लिए अपने साथियों के साथ गया था। शटडाउन लेकर खंभे पर लाइन ठीक की जा रही थी। अचानक लाइन में करंट आया और धमाके के साथ कर्मचारी झुलसकर जमीन पर गिर गया। वह लहूलुहान हो गया। मौके पर ग्रामीण पहुंचे। 

उन्होंने एक अस्पताल में उसे भर्ती कराया। गंभीर हालत के कारण उसे रेफर कर दिया गया। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

अवैध पिस्टल के साथ एक आरोपी पकड़ा
नौचंदी पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जैदी फार्म हसीना वाली गली निवासी उवैश को अवैध पिस्टल और एक कारतूस से पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। उसे जेल भेज दिया गया। 

मदरसा छात्रवृत्ति घोटाले में उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मेरठ के चर्चित मदरसा छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी वरिष्ठ पटल संजय त्यागी के खिलाफ उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत ने याची की ओर से मामले में दाखिल आरोप पत्र को चुनौती देने वाली याचिका पर दिया है। मामला मेरठ का है। वर्ष 2010-11 में सरकार की ओर से मदरसों के प्रबंधकों के खाते में छात्रवृत्ति के चार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके वितरण में मिलीं अनियमिताओं के कारण तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुमन गौतम और कार्यालय के लिपिक संजय त्यागी समेत कई मदरसा संचालकों के खिलाफ 99 मुकदमे मेरठ में दर्ज किए गए थे। 
 

महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर दंपती को पीटा
लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक युवक ने महिला से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर उसने पिता और भाइयों के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की। बाद में महिला के पति को भी पीटा। थाने में दी तहरीर में महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक आए दिन उससे छेड़छाड़ करता था।

महिला ने विरोध किया। आरोप है कि शनिवार रात वह अपने पिता और चार भाइयों के साथ उनके घर में घुस आया। इसके बाद महिला के साथ मारपीट की। बाद में शोर सुनकर महिला का पति आया तो उसे भी पीटा गया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद
 

मोहिउद्दीनपुर में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी
इकला गांव निवासी राजेंद्र की बेटी शीतल की शादी छह साल पहले मोहिउद्दीनपुर निवासी पिंटू के साथ हुई थी। पिंटू एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पिंटू बेटे सार्थक और आयांश के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर रहता है। पत्नी शीतल भी यहां रह रही थी, जबकि पिता राजेंद्र और मां सविता प्रथम तल पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार परिवार में किसी बात को लेकर कई दिनों ने विवाद चल रहा था।

सोमवार देर शाम शीतल खाना बनाकर अपने कमरे में पहुंची और दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। डयूटी से घर आए पिंटू ने ऊपर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोला तो शीतल का शव पंखे से लटका देखा। इसके बाद पिंटू ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed