मेरठ में दो बड़ी ठगी: फाइनेंस कंपनी से 17.59 लाख और युवक से फर्जी बैनामे में 8.5 लाख रुपये की ठगी
मेरठ में दो अलग-अलग ठगी के मामले सामने आए हैं। एक दंपती ने फाइनेंस कंपनी से तीन कारों के नाम पर 17.59 रुपये लाख ठग लिए, वहीं एक प्रॉपर्टी डीलर ने फर्जी बैनामा कर युवक से 8.5 लाख रुपये की ठगी की।
विस्तार
मेरठ शहर में ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। पहला मामला कोटक महिंद्रा प्राइम लिमिटेड से जुड़ा है, जिसमें एक दंपती पर कंपनी से ₹17.59 लाख की धोखाधड़ी का आरोप है।
कंपनी के मुताबिक, अप्रैल 2024 में शशि शर्मा नाम की महिला ने खुद को डायरेक्ट मार्केटिंग एजेंट बताते हुए कंपनी से करार किया। इसके बाद उन्होंने तीन कारें फाइनेंस कराईं, लेकिन किसी भी कार को कंपनी के नाम पर बंधक नहीं बनाया।
जब कंपनी की टीम ने शशि शर्मा और उनके पति अमन शर्मा से संपर्क किया, तो उन्होंने न केवल पैसे लौटाने से इनकार किया, बल्कि धमकियां भी दीं। शिकायत कंपनी के प्रबंधक शशांक मिश्रा ने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को दी, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें:Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 27 जून को आपके शहर में क्या हुआ
दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के दरुन लाल कुआं निवासी आसिफ से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने लिसाड़ी गेट क्षेत्र के तारापुरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनस से एक मकान खरीदा था।
अनस ने मकान की कीमत ₹8 लाख बताई, जिसके बाद आसिफ ने डेढ़ लाख रुपये बतौर बयाना दे दिए। बाद में ₹7 लाख लेकर आरोपी ने फर्जी बैनामा करा दिया और फरार हो गया।
पीड़ित आसिफ कई महीनों से कार्रवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। एसएसपी के आदेश पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।