यूपी: मामूली विवाद में जमकर तोड़फोड़, महिलाओं से अभद्रता का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मेरठ शहर में मामूली विवाद को लेकर एक डेयरी में तोड़फोड़ कर दी गई। डेयरी पर मौजूद महिलाओं से भी अभद्रता की गई। आरोप है कि दबाव में आई सदर पुलिस ने मौके से पकड़े दो आरोपियों को छोड़ दिया और तहरीर लेकर रख ली। व्यापारियों ने विरोध के चलते बाजार बंद कर दिया तो पुलिस ने छह आरोपियों पर बलवा और संबंधित धाराओं में रिपोर्ट लिखी।
पुलिस के अनुसार पत्ता मोहल्ला निवासी ब्रजमोहन यादव बांके बिहारी दूध भंडार के नाम से डेयरी चलाते हैं। बुधवार दोपहर डेयरी पर उनका बेटा शिवा यादव बैठा था। इस दौरान डेयरी के बाहर खड़ी बाइक को लेकर शिवा का बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हो गया। तीनों युवक शिवा को पीटकर भाग निकले। शिवा इसकी शिकायत करने थाने पहुंचा तो उसके पीछे डेयरी पर पहुंचे करीब एक दर्जन युवकों ने तोड़फोड़ मचा दी। डेयरी के बाहर खड़ी शिवा की नई गाड़ी भी तोड़ दी। शिवा के परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को लोगों की मदद से दबोच लिया। एक बाइक भी कब्जे में ले। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई।
विरोध में बाजार बंद, मुकदमा
डेयरी में तोड़फोड़ के विरोध में क्षेत्रीय व्यापारियों ने बाजार बंद करना शुरू कर दिया। कुछ व्यापारियों ने सदर पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया। करीब एक घंटे चले बखेड़े के बाद पीड़ित शिवा यादव ने सौरभ चांदना, गौरव चांदना, अभिषेक, अंकित, बिट्टू और अनिकेत के खिलाफ नामजद और दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट, दुकान में घुसकर महिलाओं से अभद्रता व मारपीट व तोड़फोड़ का आरोप लगाकर तहरीर दी।
वहीं इंस्पेक्टर सदर सुभाष अत्री ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इंस्पेक्टर के अनुसार दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी जांच हो रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/