Degree Fraud Busted : गुजरात में 30 से 40 हजार में बेच रहे थे सीसीएसयू की फर्जी डिग्री, ऐसे खुला ये राज
मेरठ के सीसीएसयू की फर्जी मार्कशीट-डिग्री लगाकर बिहार तकनीकी सेवा आयोग में मत्स्य विकास अधिकारी के पद पर नौकरी पाने का मामला सामने आया है। सत्यापन हुआ तो खुला यह बडा राज।
विस्तार
सीसीएसयू की फर्जी मार्कशीट-डिग्री लगाकर 11 युवकों ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग में मत्स्य विकास अधिकारी के पद पर नौकरी पा ली। सत्यापन हुआ तो मामला पकड़ में आया। वहीं गुजरात के नर्मदा में एक सेंटर से सीसीएसयू के नाम की फर्जी डिग्री 30 से 40 हजार रुपये में बेची जा रहीं थी।
शिकायत पर पुलिस ने विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया तो 100 डिग्री-मार्कशीट का फर्जी पाई गई हैं। इसी तरह के तीसरे मामले में गुजरात के गांधी नगर में एक सेंटर सीसीएसयू के नाम की फर्जी डिग्री बांट रहा था। यहां की 10 डिग्री-मार्कशीट फर्जी मिली हैं।
यह भी पढ़ें: UP में बुलडोजर: कहीं अवैध कब्जों पर गरजा तो कहीं ध्वस्त हुईं कॉलोनियां, तस्वीरों में देखें योगी के अफसरों की कार्रवाई
जब कोई युवा सरकारी या प्राइवेट नौकरी पाता है तो उसके प्रमाण पत्रों का संबंधित विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया जाता है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में रोजाना 30 से 40 डिग्री-मार्कशीट सत्यापन के लिए आती हैं। हाल ही के दिनों में हुए सत्यापन से खुलासा हुआ है कि जालसाज कंप्यूटर से युवाओं को सीसीएसयू की मार्कशीट-डिग्री की हुबहू कॉपी बनाकर दे देते हैं। इन युवाओं को लगता है कि वे इससे नौकरी पा लेंगे लेकिन सत्यापन में वे पकड़े जाते हैं। बिहार में भी ऐसा ही हुआ है। यहां 2021 में तकनीकी सेवा आयोग ने मत्स्य विकास अधिकारी के पदों पर भर्ती निकाली। इसमें 10 अभ्यर्थियों ने सीसीएसयू के नाम की फर्जी मार्कशीट-डिग्री लगाकर नौकरी पा ली।
गुजरात के राजपिपला नर्मदा थाना पुलिस ने वहां एक गिरोह को पकड़ा जो युवाओं को पैसे लेकर फर्जी डिग्री दिलाता था। गिरोह के पास से 100 फर्जी डिग्री-मार्कशीट मिली। इसके अलावा गुजरात के गांधीनगर में बरुआ टयूटोरियल सेंटर भी सीसीएसयू के नाम की फर्जी डिग्री बेच रहा था। यहां मिली 10 डिग्री फर्जी पाई गई हैं।
यह भी पढ़ें: LLB स्टूडेंट मर्डर केस: लाल घेरे में खौफनाक हैं ये तीन चेहरे, गांव में की थी ऐसी वारदात, अभी तक दहशत में लोग, तस्वीरें भी दर्दनाक
350 रुपये में होता है सत्यापन
डिग्री-मार्कशीट का सत्यापन 350 रुपये देकर कोई भी करा सकता है। बहुत से ऐसे लोग भी हैं जो शादी के लिए भी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराते हैं कि कहीं युवक-युवती द्वारा दी गई डिग्री फर्जी तो नहीं है।