Meerut: कार्ड बंटे-सगाई हुई लेकिन शादी से पहले दिन दुल्हन परिवार समेत लापता, घर पर लगा ताला, सदमे में दूल्हा
मेरठ के खरखौदा थानाक्षेत्र में शादी के एन पहले दूल्हे की सारी खुशियां उस वक्त काफूर हो गई, जब उसे पता चला कि उसकी होने वाली दुल्हन परिवार समेत लापता हो गई है। पूरा का पूरा परिवार मकान में ताला लगाकर फुर्र हो गया। दूल्हा और उसके परिजन दुल्हन की खोजबीन में जुटे हैं।
विस्तार
मेरठ से सटे खरखौदा थाना क्षेत्र में गांव धनोटा निवासी युवक की कविनगर निवासी दुल्हन (मंगेतर) मंगलवार को परिवार समेत लापता हो गई। युवक की बरात लेकर जाने की पूरी तैयारियां कर ली गईं, लेकिन सारी तैयारियां रखी रह गईं। दूल्हे पक्ष के लोगों ने रिश्ता कराने वाले दो बिचौलियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव धनोटा निवासी एक युवक का रिश्ता कंकरखेड़ा के कविनगर निवासी एक युवती से तय हुआ था। लोगों में चर्चा है कि इसकी एवज में दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष को मोटी रकम भी दी थी।
यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: जेल में फूट-फूटकर रोए कातिल मुस्कान और प्रेमी साहिल, जेल अधीक्षक से हाथ जोड़कर कही ये बात
बरात जाने से एक दिन पहले मंगलवार को दूल्हा पक्ष को जानकारी मिली कि जिस लड़की से रिश्ता तय किया है, उसके मकान पर ताला लगा हुआ है। यह जानकर दूल्हा व उसका परिवार सदमें में आ गया। कुछ लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो दुल्हन समेत पूरा परिवार मकान पर ताला लगाकर फरार था।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि जिस व्यक्ति ने अपनी बेटी बताकर रिश्ता तय किया था, वह उस व्यक्ति को बेटी ही नहीं है। यह जानकर दूल्हा तो जैसे सदमे में ही आ गया। हालांकि दूल्हे व उसके परिजनों ने संबंधित दो लोगों को पकड़ा है, उन्हें पुलिस को सौंप दिया है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि वर पक्ष के लोगों ने दो लोगों को पुलिस को सौंपा है, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।