बड़ा खुलासा: दुबई में है व्यापारी की बेटी, पाकिस्तान के युवक से फेसबुक पर करती थी चैटिंग और...
मेरठ में कंकरखेड़ा क्षेत्र से अपहृत व्यापारी की बेटी की दुबई में होने की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान के जिस युवक से वह फेसबुक पर चैटिंग करती थी, इसी युवक पर युवती के अपहरण का आरोप है। युवती का सुराग लगने के बाद अब पुलिस-प्रशासन उसकी घर वापसी के लिए प्रयास कर रहा है। वहीं, बेटी के दुबई में होने का पता चलते ही परिजनों की चिंता और भी बढ़ गई है।
कंकरखेड़ा क्षेत्र के एक व्यापारी की बेटी प्ले स्कूल में पढ़ाती थी। चार नवंबर को ही युवती का पासपोर्ट बना था। आठ नवंबर की सुबह युवती स्कूल जाने के लिए निकली थी। लेकिन लापता हो गई थी। कंकरखेड़ा पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की तो परिजनों ने सांसद राजेंद्र अग्रवाल से मिलकर गुहार लगाई थी। जिसके बाद एसएसपी ने तीन टीमें गठित की। पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस नदीम नाम के युवक से युवती फेसबुक पर चैटिंग करती थी, वह पाकिस्तान का है और दुबई में रहकर नौकरी कर रहा है।
युवती को दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अगवा किया गया। युवती दुबई गई या नहीं इसके लिए पुलिस ने विदेशी क्षेत्रीय पंजीयन कार्यालय (एफआरआरओ) से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवती दुबई पहुंच चुकी है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नदीम सऊदी में एक फाइव स्टार होटल में मैनेजर है और युवती उसी के साथ है। इंस्पेक्टर बीपी राणा ने बताया कि एफआरआरओ की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि युवती आठ नवंबर की रात को ही दुबई पहुंच गई थी।
यह भी पढ़ें: मेरठ से लापता युवती के किसी बड़े नेटवर्क में फंसने की आशंका, सोशल मीडिया पर लिखी चौंकाने वाली बात
दूतावास को लिखेंगे पत्र
युवती के अपहरण का मामला अब पूरी तरह से विदेश से जुड़ गया है। युवती को दुबई से लाना पुलिस के लिए आसान नहीं है। पुलिस अफसरों ने बताया कि युवती को वापस लाने के लिए एसएसपी की ओर से गृहमंत्रालय के लिए पत्र लिखा जाएगा। जिसके बाद गृहमंत्रालय भारतीय दूतावास को पत्र जारी कर पूरे प्रकरण से अवगत कराएगा। उसके बाद भारतीय दूतावास दुबई दूतावास को पत्र लिखेगा। जिसके बाद दुबई दूतावास से दुबई में जहां पर युवती रह रही है, वहां पर टीम भेजी जाएगी। जो युवती का पता लगाकर उससे बातचीत करेगी कि उसे यहां कोई जबरन तो नहीं लाया या अपनी मर्जी से आई है। यहां किसी दबाव में तो नहीं है। यहां पर रहना भी चाहती है या नहीं। उसके बाद युवती की परिजनों से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बातचीत कराई जाएगी। अगर युवती परिजनों के पक्ष में बयान देती है तो फिर उसे वापिस लाया जाएगा।
किसी बड़े गैंग का काम तो नहीं
वहीं, युवती के परिजनों का बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी कभी घर से बेगमपुल तक नहीं गई। बाहर का कोई काम अगर उसे बता देते थे तो सीधा मना कर देती थी। वे हैरान हैं कि बेटी दुबई कैसे पहुंच गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस इसकी जांच करे कि वह अकेली गई या फिर उसे कौन दिल्ली एयरपोर्ट तक लेकर गया। पासपोर्ट बनवाने के लिए भी दो लोगों की पहचान मांगी जाती है। वे गारंटर कौन बने। इसका भी पता लगाया जाए। यदि पुलिस गंभीरता से जांच करे तो युवती को बहला फुसला कर विदेश पहुंचाने वाले बड़े गैंग का खुलासा हो सकता है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/