हाईकोर्ट बेंच आंदोलन: मेरठ बंद के लिए तैयार व्यापारी, 17 दिसंबर को बंद रहेंगे प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर 17 दिसंबर को मेरठ बंद रहेगा। व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और सामाजिक संगठनों ने अधिवक्ताओं के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
विस्तार
मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत 17 दिसंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद को व्यापारियों का व्यापक समर्थन मिल गया है। बंद के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। व्यापारियों ने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय की दिशा में जरूरी कदम बताया।
शारदा रोड व्यापार मंडल की बैठक
बंद के समर्थन में शारदा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में शारदा रोड व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि 17 दिसंबर को बाजार पूरी तरह बंद रहेगा और अधिवक्ताओं के आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: नमो भारत की रफ्तार का रिकॉर्ड, 2 साल में दो करोड़ कम्यूटर ट्रिप, फ्रीक्वेंसी तीन मिनट करने की तैयारी
किला रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने पदाधिकारियों के साथ कचहरी स्थित मेरठ बार एसोसिएशन कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष संजय शर्मा और महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सस्ता और सुलभ न्याय मिलना चाहिए और हाईकोर्ट बेंच की स्थापना इसके लिए जरूरी है। इस दौरान दिनेश सिंह, विक्रम सिंह, डॉ. मनोज कुमार, मनीष रस्तौगी, अश्वनी कांबोज और राहुल वर्मा मौजूद रहे।
अन्य व्यापारिक संगठनों का भी समर्थन
उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेता संघ ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। व्यापारी अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि हाईकोर्ट बेंच से आम जनता को न्याय मिलने में आसानी होगी। इस अवसर पर अशोक भाटिया, ललित जिंदल, विवेक रस्तौगी, समीर कोहली और अनिल मौजूद रहे।
सामाजिक संगठनों ने भी थामा आंदोलन का हाथ
भारतीय वाल्मीकि आदि धर्म समाज भारत ने भी संघर्ष समिति द्वारा घोषित 17 दिसंबर के मेरठ बंद को समर्थन दिया है। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश टंडन ने कहा कि पश्चिमी यूपी की जनता के लिए हाईकोर्ट बेंच अब अत्यंत आवश्यक हो चुकी है। राष्ट्रीय संचालक महेश टांक, प्रदेश प्रभारी वीर मोनिंदर सूद और वरिष्ठ समाजसेवी रविन्द्र वैद ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।