Meerut: 2618 सिपाहियों की पासिंग आउट परेड, एडीजी बोले- पुलिस की वर्दी सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक
मेरठ में पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों पर 2618 सिपाहियों की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि पुलिस की वर्दी सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। समारोह में उत्कृष्ट सिपाहियों को सम्मानित भी किया गया।
विस्तार
मेरठ में रविवार का दिन पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा, जब 2618 सिपाहियों ने अपनी प्रशिक्षण पूरी कर दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। भव्य पासिंग आउट परेड के दौरान मैदान देशभक्ति के जज्बे और अनुशासन की मिसाल बन गया।
मेरठ पुलिस लाइन, हापुड़ रोड स्थित 44वीं वाहिनी व कोतवाल धन सिंह गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में रविवार को नव प्रशिक्षित सिपाहियों का दीक्षांत समारोह यादगार बन गया। तीनों जगह पर जब सिपाही पूरी वर्दी में सजे-धजे कदमताल करते नजर आए, तो वहां मौजूद परिजनों की आंखें गर्व और खुशी से नम हो गईं।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: अप्रैल में जून जैसी तपिश, मेरठ में पारा 42 के पार, लू ने झुलसाया-सड़कों पर पसरा सन्नाटा
गांव की पगडंडियों और संघर्षों से निकलकर इन युवाओं ने पुलिस सेवा में कदम रखकर एक नया मुकाम हासिल किया है। परेड मैदान पर गूंजती कमांड और सिपाहियों की एकसमान चाल ने सभी को प्रभावित किया। पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है।
उन्होंने सिपाहियों से ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। वहीं एसएसपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना हर सिपाही का कर्तव्य है। अर्जुन के तीन की तरह अपने लक्ष्य को सीधा तानकर चलना।
धन सिंह कोतवाल गुर्जर प्रशिक्षण में 1477, पुलिस लाइन में 763 व 44वीं वाहिनी में 378 सिपाहियों ने प्रशिक्षण लिया। वहीं छठी वाहिनी पीएससी में भी दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यअतििथ पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू डाॅ. राजीव दीक्षित व उपसेनानायक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने परेड की सलामी ली।
सिपाहियों ने ली कर्तव्य पथ पर चलने की शपथ
नव प्रशिक्षित सिपाहियों ने इस मौके पर कर्तव्य पथ पर चलने की शपथ लेते हुए देश सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहेंगे, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी पूरी निष्ठा से योगदान देंगे और जरूरत पड़ने पर अपने कर्तव्यों के लिए हर बलिदान देने को तैयार रहेंगे। उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और देशभक्ति का जोश साफ नजर आ रहा था।
सिपाहियों को किया सम्मानित
समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण के कठिन दौर को याद करते हुए कई सिपाही भावुक हो गए। दीक्षांत समारोह एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और सफलता की प्रेरणादायक कहानी बन गया, जहां हर कदम के साथ देश सेवा का संकल्प और मजबूत होता नजर आया।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: अप्रैल में जून जैसी तपिश, मेरठ में पारा 42 के पार, लू ने झुलसाया-सड़कों पर पसरा सन्नाटा
44वीं वाहिनी में प्रथम परेड कमांडर शिवम, द्वितीय राहुल चौधरी व तृतीय मनीष कुमार, कोतवाल धन सिंह गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण में प्रथम परेड कमांडर रितिका सिंह, द्वितीय परेड कमांडर महिमा व तृतीय परेड कमांडर अनुप्रिया सिकरवारी, इंडोर में सर्वाधिक अंक गरिमा सिंह, आउटडोर में मोहिनी व सर्वोत्तम अंक पानी वाली ममता शर्मा रही और मेरठ पुलिस लाइन में सर्वश्रेष्ठ आरक्षी तुषार सिंह को चुना गया।
मौजूद रहे अधिकारी
जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह, पुलिस अधीक्षक सिटी विनायक गोपाल भोसंले, पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार, भारतीय पुलिस सेवा बजरंग प्रसाद, 44वीं वाहिनी के सेनानायक अंजू सिंह, प्रभारी आरटीसी सुरेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।