Meerut: जलभराव में फंसी 250 बकरियां, पुलिस की मोटरबोट बनी सहारा, घंटों चले अभियान में कराईं रेस्क्यू
मेरठ के हस्तिनापुर में लगातार बारिश से जलभराव के बीच डेरे पर फंसी करीब 250 बकरियों को पुलिस की मोटरबोट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई घंटे चले राहत अभियान में सभी बकरियां सुरक्षित बचा ली गईं।
विस्तार
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलभराव के बीच प्रशासन ने समय रहते बड़ा राहत अभियान चलाकर करीब 250 बकरियों को सुरक्षित बचा लिया। खादर क्षेत्र के गांव किशनपुर के आगे स्थित एक डेरे पर पानी भर जाने से बकरियां फंस गई थीं। पुलिस की मोटरबोट के जरिए कई घंटे तक चले अभियान में सभी बकरियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
डेरे तक पहुंचना भी हो गया था मुश्किल
लगातार बारिश के कारण खादर क्षेत्र में जलभराव बढ़ गया था। गांव किशनपुर के आगे स्थित डेरे के चारों ओर पानी भर जाने से पशुपालक किशन, गौरव, सतबीर, बलराम और खुशीराम वहां से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। बकरियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना भी संभव नहीं था, जिससे पशुओं की जान पर खतरा मंडराने लगा।स्थिति गंभीर होने पर पशुपालकों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें: Meerut: तीन दिन की बारिश का कमाल, काली नदी में लौटी जलधारा, वर्षों बाद दिखा पुराना स्वरूप
पुलिस की मोटरबोट से चला बचाव अभियान
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात का आकलन करने के बाद स्थानीय पुलिस की मोटरबोट की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सावधानीपूर्वक एक-एक कर सभी बकरियों को मोटरबोट के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। कई घंटे की मेहनत के बाद करीब 250 बकरियों का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ छात्रा हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले पूर्व विधायक संगीत सोम, आर्थिक मदद का एलान, न्याय का दिलाया भरोसा
ग्रामीणों ने की प्रशासन की सराहना
राहत अभियान के दौरान किसी भी बकरी की जान नहीं गई और कोई अप्रिय घटना भी नहीं हुई। प्रशासन ने पशुपालकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत अभियान चलने से बड़ी संख्या में बकरियों की जान बच गई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।