मेरठ: कमरे में पंखे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, बेटे को देखकर मां की निकली चीख
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन में 19 वर्षीय अयान का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव देखकर उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां कमरे में पहुंचीं तो सामने था बेटे का शव
समर गार्डन निवासी अयान (19) टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह उसकी मां घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में गई थीं। वहां पहुंचते ही उनकी नजर पंखे से लटके बेटे के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
परिवार में मचा कोहराम, मौके पर जुटी भीड़
युवक की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और शव को नीचे उतरवाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।