मेरठ में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर 11 बीएलओ निलंबित, निर्वाचन कार्य में ढिलाई पर डीएम सख्त
मेरठ में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने 11 बीएलओ को निलंबित कर केस दर्ज कराने की संस्तुति की। समीक्षा में मेरठ दक्षिण, हस्तिनापुर और किठौर क्षेत्रों के बीएलओ अनुपस्थित मिले।
विस्तार
मेरठ जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही करने वाले बीएलओ पर सख्त कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने 11 बीएलओ को निलंबित कर उनके खिलाफ केस दर्ज कराने की संस्तुति की। निर्णय की जानकारी मिलते ही कई बीएलओ अफसरों के दफ्तर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने लगे।
चार नवंबर से विधानसभावार मतदाता पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। सभी बीएलओ को गणना पत्रक वितरित कर 16 नवंबर तक एआरओ को रिपोर्ट देने के निर्देश थे। जिले में कुल 2925 बीएलओ तैनात हैं, जिनमें से समीक्षा के दौरान मेरठ दक्षिण, हस्तिनापुर व किठौर विधानसभा क्षेत्रों में 11 बीएलओ गैरहाजिर पाए गए।
यह भी पढ़ें: UP: बुढ़ाना के मदरसे में खुफिया टीमों का डेरा, अहमदाबाद में गिरफ्तारी के बाद रिकॉर्ड खंगाले
मेरठ दक्षिण के नीरज, बबीता कटियार, ललित स्टीफन और मदन मुरारी, हस्तिनापुर के शमा परवीन, पंकज रानी, सैय्यदा रूबीना अली और देवेंद्र कुमार, जबकि किठौर के स्वाति, आसमीन और रितु नागर अनुपस्थित मिले। दो सहायक अध्यापकों और एक शिक्षामित्र का वेतन रोकने के भी आदेश दिए गए हैं।
हस्तिनापुर क्षेत्र में भी लापरवाही के कई मामले सामने आए हैं। एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह के अनुसार अलका कुमारी, देवेंद्र कुमार, सुभाष, कमला, मंजू रानी, शमा परवीन और माधवी रस्तोगी के खिलाफ भी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी गई है।
उधर, निलंबन नोटिस जारी होते ही कई बीएलओ परेशान नजर आए। एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी ने बताया कि मेरठ दक्षिण के दो बीएलओ ललित स्टीफन और मदन मुरारी ने संपर्क कर उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं बबीता कटियार ने खुद को अस्पताल में भर्ती बताया।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।