यूपी: मौसेरी बहन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, आरोपी ने थाने में किया सरेंडर, सामने आई ये वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के दौराला में मंगलवार सुबह एक युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, आरोपी वारदात को अंजाम देकर थाने जा पहुंचा और खुद ही वारदात की जानकारी देते हुए पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर थानाक्षेत्र निवासी दीपक का दौराला थानाक्षेत्र के लोहिया ग्राम निवासी मौसेरी बहन आरती पुत्री महेंद्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बताया गया कि करीब एक साल पहले दोनों घर से फरार हो गए थे फिर कुछ दिन बाद खुद ही लौट आए। परिवार को इस प्रकरण की जानकारी थी।
आज सुबह युवती अपने घर पर ही थी कि दीपक उस पर दोबारा अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। युवती के साथ जाने से मना करने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी देने लगा।
बताया गया कि मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे दीपक अपनी मौसेरी बहन आरती के घर पर पहुंचा और साथ चलने के लिए कहा। आरती के साथ चलने से इंकार करने पर दीपक ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ दौराला जितेंद्र कुमार और एसओ दौराला धर्मेंद्र राठौर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
वहीं हत्यारोपी खुद दौराला थाने में पहुंचा और तमंचा पुलिस को सौंप कर सरेंडर कर दिया। उसने हत्या की वजह भी पुलिस को बताई। पुलिस ने युवक कोगिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ है।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि प्रेम प्रसंग में युवक ने मौसेरी बहन की हत्या की है। वारदात के दौरान आरती की मां बबली खेत पर गई हुई थी। पिता की एक साल पहले मौत हो चुकी है तथा दो छोटे भाई स्कूल गए हुए थे। घर में और कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।