मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र में रविवार रात बदमाशों ने दुकान में घुसकर व्यापारी से लूटपाट की और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस के देरी से पहुंचने पर व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
बेगमबाग निवासी संजय सिंहल की तिलक रोड पर मेरठ नमकीन भंडार के नाम से दुकान है। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने कर्मचारी बंटी के साथ दुकान पर थे। तभी नकाबपोश दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर तमंचा तान दिया। बदमाश पांच मिनट में ही गल्ले से नकदी लेकर पैदल बच्चा पार्क की ओर भाग निकले। संजय व बंटी भी बदमाशों के पीछे करीब 50 मीटर तक दौड़े, लेकिन बदमाश फायर करते हुए सोतीगंज तिराहे पर खड़े साथियों की मदद से फरार हो गए। पुलिस के देरी से पहुंचने पर मेरठ व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू नागपाल, जीशान अहमद, शैंकी वर्मा, प्रशांत कौशिक ने हंगामा कर दिया। तभी इंस्पेक्टर लालकुर्ती दिलीप सिंह और सीओ कैंट संजीव देशवाल फोर्स के साथ पहुंचे। संजय ने बताया कि पांच हजार रुपये बदमाश ले गए हैं। बताया कि दोनों बदमाशों ने रेकी कर वारदात की है। सीओ कैंट संजीव देशवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है।