वो अली के भरोसे हम बजरंग बली के : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया है कि बसपा सुप्रीमो सहारनपुर की चुनावी रैली से सिर्फ धर्म विशेष के वोट मांग रही थीं। वहीं, केरल में राहुल गांधी के नामांकन जुलूस में चांद सितारे के हरे झंडे दिखाने को मिले। यह वो झंडा है, जिसने देश में विभाजन कराया। इस हरे वायरस से केवल कांग्रेस ही संक्रमित नहीं है। संक्रमण की चपेट में कांग्रेस के साथ सपा, बसपा व लोकदल का गठबंधन भी आया है। उन्हें लगता है कि उनका उद्धार अली करेंगे, लेकिन हमें लगता है कि हमारा उद्धार बजरंग बली करेंगे।
हापुड़ के पिलखुवा स्थित रामलीला मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री ने मायावती को लेकर कहा कि वो सहारनपुर में उसी पार्टी के साथ मंच साझा कर रही थीं, जहां एससी चिंतक कांशीराम के नाम पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेज बनाया था। जब सपा सरकार आई तो उसका नाम बदल दिया। कांशीराम का नाम बदलकरसपा ने करोड़ों अनुसूचित जाति के लोगों का अपमान करने का काम किया था।
उसी मंच पर मायावती घोषणा करती हैं कि हमें तो केवल धर्म विशेष के वोट चाहिए, बाकी वोट नहीं चाहिए। ये जो कांग्रेस, सपा, बसपा और लोकदल का गठबंधन है वो चोर-चोर मौसेरे भाईयों का गठबंधन है। अपने 26 मिनट के भाषण में सीएम ने कहा कि बीते पांच साल में देश ने विकास की तस्वीर देखी है। दिल्ली-एनसीआर में रैपिड ट्रेन का काम शुरू हो चुका है, गाजियाबाद को मेट्रो, घरेलू उड़ान की सौगात मिले हैं तो जेवर को ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट मिलने जा रहा। राष्ट्रीय सुरक्षा पर भारत ने दिखाया है कि दुश्मन को उसकी भाषा कैसा जवाब दिया जाता है।
विकास के मामले में आर्थिक महाशक्ति बना है तो अंतरिक्ष में भी मिशन शक्ति के जरिए अपनी ताकत दिखाई है। पांच वर्ष पहले देश के 270 जिले में नक्सलवाद था जो आज सिमट कर पांच जिलों में रह गया है। केंद्र के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो कानून-व्यवस्था से लेकर विकास के मोर्च पर काम हुआ। आप ही बताइये दो वर्ष पहले आपको बिजली मिलती थी क्या? क्योंकि ‘वो’ लोग अंधेरे में डकैती डालने आते थे।
हमारी सरकार बनी तो बिजली भी दी गई और डकैती डालने वाले गुंडे बदमाशों को जेल में डालने से लेकर राम नाम की यात्रा पर भेजने का काम किया। उनकी सरकार में किसानों को पशु चोरी का डर सता था, लेकिन हम सरकार में आए तो तत्काल अवैध बूचड़खाने बंद करा दिया। हमने सवा दो लाख युवाओं को बिना किसी धांधली के रोजगार दिया है।
सीएम ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की धरती पर रमाला शुगर मिल बंद हो गई थी, किसान उसे चलाने की मांग रहे थे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सरकार बनी तो तत्काल मिल चलवाने के लिए धनराशि जारी कर दी गई। इसी तरह से उनकी सरकारों में पता नहीं कौन-कौन से हाउस बनाए जा रहे थे, लेकिन हमने एक तरफ मानसरोवर भवन बनाने का काम शुरू किया तो दूसरी तरफ उत्तराखंड और पूर्वांचल भवन का भी काम किया।