लोकसभा चुनाव: बसपा पूर्व सांसद शाहिद अखलाक ने ठोका गठबंधन से टिकट का दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन के टिकट पर मेरठ के दिग्गजों में जोर आजमाइश शुरू हो गई है। पूर्व सांसद हाजी शाहिद अखलाक ने बसपा-सपा गठबंधन से टिकट का दावा ठोंक दिया है। उन्होंने समाज के लोगों की बैठक बुलाकर कहा कि यह उनका हक है, मेरठ में केवल वही भाजपा को हरा सकते हैं। बोले कि बहनजी और पार्टी का पूरा सम्मान करते हैं। मजहब पर उंगली नहीं उठने देंगे। हम धोखा नहीं देंगे। अगर हमें धोखा दिया, तो पलटकर वार होगा। उन्होंने तो एक गलती की थी, उसकी भी बसपा सुप्रीमो से माफी मांग ली थी। अब या तो उनकी गलती बताई जाए या टिकट दिया जाए।
रविवार रात गुदड़ी बाजार स्थित अपने आवास पर शाहिद अखलाक ने बैठक बुलाई, जिसमें काफी लोग मौजूद रहे। शाहिद अखलाक ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें टिकट के लिए आश्वस्त किया था। वह उनके हर निर्णय का पालन करते आए हैं। बसपा में लगातार मेहनत की है।
मेयर व सांसद बनकर बसपा को ताकत दी, तो वर्ष 2006 में बसपा से ही अनुसूचित जाति की महिला को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाया। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में विपरीत परिस्थितियां होने के बावजूद तीन लाख से अधिक वोट हासिल किए। 2017 के विधानसभा चुनाव में पउप्र की 100 सीटों पर मुस्लिमों को बसपा से जोड़ने का काम किया।
उन्होंने एलान किया कि फरवरी के शुरू में ही इस बाबत हापुड़ रोड स्थित फार्म हाउस पर बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। वहां जो जिम्मेदार लोग निर्णय लेंगे, उसी पर काम किया जाएगा। इस मौके पर हाजी साबिर अंसारी, तनवीर इलाही, राजाराम भारती, महेन्द्र सिंह, ओमपाल प्रधान, ईश्वर चंद्र मौर्या, आनंद जाटव, हाजी यूसुफ, हाजी खान, वहाब गाजी, इकरामुद्दीन अंसारी, सलीम सैफी, अकरम शाह, हाजी नासिर अलकरीम, हाजी नूर इलाही, सईद सैफी आदि मौजूद रहे। विदित हो कि बसपा ने मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी को लोकसभा प्रभारी बनाया है। माना जाता है कि बसपा में जिसे लोकसभा प्रभारी बनाया जाता है, उसे ही टिकट दिया जाता है।
......दूसरी इंदिरा गांधी आ गई हैं
शाहिद अखलाक ने कहा कि टिकट इधर-उधर कर दिया, तो खुद ही जिम्मेदार होंगे। हमारे हक को समझना चाहिए। दूसरा ऑप्शन भी तैयार है। तीर और भी चल रहे हैं। प्रियंका का नाम लिए बिना कहा कि दूसरी इंदिरा गांधी आ गई हैं, यह बात समझनी होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/