पहले अपहरण, फिर मासूम की हत्या, लाश देखकर बिगड़ी मां की हालत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में घर के बाहर खेल रहे पांच साल के मासूम की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। देर शाम उसकी लाश प्लॉट में पड़ी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। मासूम की लाश देखकर मां की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।
लिसाड़ी गेट के समर गार्डन सात फुटा रोड पर महबूब उर्फ भूरा परिवार के साथ रहता है। महबूब कपड़ों की फेरी लगाता है। परिवार में पत्नी यास्मीन, सात साल की बेटी महक के अलावा पांच साल का बेटा मन्नान था। रविवार दोपहर मदरसे से आने के बाद करीब तीन बजे मन्नान घर से खेलने के लिए निकल गया। काफी देर तक भी वो घर नहीं लौटा तो मां ने तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा।
देर शाम कुछ बच्चे घर से करीब पांच सौ मीटर दूर डॉक्टर सलीम के मकान के पास खाली प्लॉट में पहुंचे तो वहां पर मन्नान की लाश पड़ी थी। उसकी चप्पल भी पास ही पड़ी थी। शोर मचने पर यास्मीन मौके पर पहुंची तो बेटे की लाश देखकर वो बदहवास हो गई। लोग एकत्र हो गए। सूचना पर महबूब भी पहुंच गया। मासूम का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और इंस्पेक्टर राशिद अली जब महबूब के घर पहुंचे तो परिजन कानूनी प्रक्रिया से इंकार करने लगे। बाद में सीओ के समझाने पर पोस्टमार्टम के लिए माने।
पढ़ें : पहले सामूहिक बलात्कार... फिर की थी दलित छात्रा की निर्मम हत्या
सीसीटीवी फुटेज की तलाश
सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि बच्चे के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। इसलिए प्रारंभिक जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ही टिकी है। महबूब के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे स्पष्ट हो जाएगा कि बच्चा प्लॉट के पास खुद पहुंचा या फिर उसे कोई अगवा करके ले गया था।
मोहल्ले में तमाम चर्चाएं
डॉग स्क्वाएड ने मौके से सुबूत जुटाने के प्रयास किए। लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। सीओ कोतवाली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को आएगी, जिसमें मौत का कारण सामने आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। वहीं, मोहल्ले में बच्चे की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि कहीं किसी ने बच्चे के साथ दरिंदगी के बाद तो उसे गला घोंटकर नहीं मार डाला। लोग तंत्र-मंत्र के फेर में भी हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/