UP Politics: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का विपक्ष पर वार-, 2047 तक कांग्रेस-सपा-बसपा की राजनीति से होगी विदाई!
Keshav Prasad Maurya: मेरठ पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि जनता ने 2047 तक इन पार्टियों को राजनीति से बाहर करने का संकल्प लिया है। धर्मांतरण, तुष्टिकरण और माफिया पर भी सख्त चेतावनी दी।
विस्तार
राजनीति में विपक्ष की विदाई का दावा
केशव मौर्य ने कहा, 'जनता ने संकल्प लिया है कि भारत को कांग्रेस मुक्त और यूपी को सपा-बसपा मुक्त बनाना है। वर्ष 2047 तक इन पार्टियों के लिए देश और प्रदेश की राजनीति के दरवाजे बंद हो जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 9 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
अखिलेश यादव पर हमला
कांवड़ यात्रा पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए बोले- अखिलेश यादव का संस्कार देखिए, उनके पिता ने राम भक्तों पर गोली चलवाई और जब वो खुद सीएम थे, तब कांवड़ियों पर लाठी चलवाई। आज हमारी सरकार फूल बरसाती है। यही संस्कार समाजवादी पार्टी को डुबो देंगे।
उन्होंने 2027 के लिए भी दावा किया कि जनता 2017 को दोहराएगी और सपा को पूरी तरह साफ कर देगी।
उप मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण कराने वाले छानगूर बाबा पर सीधा जवाब देते हुए कहा - जो गैरकानूनी काम करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। धर्म के नाम पर कोई धोखा नहीं चलेगा। जो नाम कुछ, जाति कुछ और धर्म कुछ बताएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जयंत चौधरी और गठबंधन पर सफाई
जयंत चौधरी के एक बयान पर कहा, जयंत हमारे गठबंधन के साथी हैं, उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा। सरकार की मंशा है कि लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और नेमप्लेट जैसे मामलों में पारदर्शिता बनी रहे।
मंत्री नंद गोपाल नंदी की अधिकारियों के खिलाफ चिट्ठी पर बोले, 'कोई भी मंत्री या कार्यकर्ता सीएम से मुद्दे साझा कर सकता है। यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाएगा, तो कार्रवाई तय है।
वृक्षारोपण पर फोकस
‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान में भाग लेते हुए डिप्टी सीएम ने सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया और कहा:
आठ साल में यूपी में 210 करोड़ पेड़ लगाए गए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ की आबादी को पर्यावरण अनुकूल माहौल देने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।