जासूस जाहिद को लाया गया मेरठ, आर्मी एरिया में होगी पूछताछ, खुलेंगे कई अहम राज
बुलंदशहर में पकड़े गए जासूस जाहिद को बुलंदशहर की क्राइम बेंच मेरठ कैंट लेकर पहुंची है। यहां छावनी इलाके में ले जाकर उससे पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि जाहिद कई बार मेरठ आया था और आर्मी एरिया की लोकेशन ने आईएसआई को भेजी थीं।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार जासूस जाहिद के चार रिश्तेदार भी पाकिस्तान में रहते हैं।यहां उसका आना जाना लगा रहता था। ये चारों रिश्तेदार भी आईएसआई एजेंट बताए गए हैं जो भारत की जानकारियों पाक पहुंचा रहे थे। इन्होंने ही जाहिद को मोटी रकम का लालच देकर पाक का जासूस बनने के लिए तैयार किया था। उसे वीजा भी बनवाकर दिया और दो बार पाकिस्तान बुलाया।
जासूस जाहिद से उसका आईएसआई हैंडलर अली कॉल स्पूफिंग के जरिए संपर्क करता था। जाहिद के पास रोहतक की भी जिम्मेदारी थी। रिमांड के दूसरे दिन सोमवार को जांच एजेंसियों की पूछताछ में उसने यह खुलासा किया लेकिन जांच एजेंसियां यह पता नहीं लगा सकीं कि रोहतक में जाहिद को कौन सी जानकारी जुटानी थी।
पूछताछ में जाहिद ने कहा है कि इसकी उसे अभी जानकारी नहीं दी गई थी कि उसे रोहतक में क्या करना था। वह कुछ दिनों बाद वहां जाने की तैयारी में था। लेकिन वह इससे पहले ही पकड़ लिया गया। जानकार बताते हैं कि कॉल स्पूफिंग में फोन करने वाला जो भी नंबर चाहे वह दर्ज कर देता है, फिर वही नंबर कॉल रिसीव करने वाले को दिखाई देता है। पूछताछ में यह सामने आ चुका है कि जाहिद ने मेरठ कैंट की कई गोपनीय सूचनाएं व नक्शे आईएसआई को लीक किए हैं।
इसके अलावा वह कई बार आगरा आया और आगरा कैंट व ताजमहल से जुड़ी कई सूचनाएं भेजी हैं। फिलहाल जांच अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि किन वजहों से जाहिद आईएसआई के लिए अपने देश से गद्दारी करने को तैयार हुआ। जाहिद ने अभी तक इसका कोई जवाब नहीं दिया है जिस पर भरोसा किया जा सके। बता दें, मेरठ क्राइम ब्रांच के पुलिस अधीक्षक शहाब रशीद खान ने पाक जासूस जाहिद को बुलंदशहर के भूड़ चौराहे के पास से शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/