चपरासी को ट्रेनिंग देकर ATM से चोरी कराने वाला बैंक मैनेजर गिरफ्तार, सीबीआई करेगी मामले की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से 18.37 लाख रुपये चोरी करने के मास्टर माइंड बंतीखेड़ा के बैंक शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 14.36 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
गौरतलब है कि शामली में धीमानपुरा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से चार मार्च को तकनीकी खराबी दूर करने के नाम पर कंपनी का कर्मचारी बनकर एक युवक 18.37 लाख रुपये चोरी करके ले गया था। इस मामले में शामली बैंक शाखा प्रबंधक नितेश कुमार की तरफ से शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 21 सितंबर को शामली कोतवाली पुलिस ने गांव बंतीखेड़ा निवासी चेतन पुत्र सहेंद्र को गिरफ्तार कर एटीएम से कैश चोरी का खुलासा किया था, जिसमें चेतन ने बताया था कि बंतीखेड़ा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल ने एटीएम से कैश चोरी कराया था। चेतन ने कैश चोरी करने के बाद रोबिन बंसल को दे दिया था।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि वारदात के मास्टर माइंड रोबिन बंसल पुत्र पुष्पेंद्र निवासी मोहल्ला गुजरातियान (शामली) को गुरुद्वारे तिराहे से गिरफ्तार किया। रोबिन एटीएम के रुपयों को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से कहीं भागने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी रोबिन ने बताया कि वह रुपयों को शेयर बाजार में लगाता था, जिसके लिए इंडियन ओवरसीज बंतीखेड़ा का ही कर्मचारी सुधीर कुमार उसकी सहायता करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से मिले बैग से 14.36 लाख रुपये भी बरामद कर लिए। इसके बाद उसको न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि शामली शहर के इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से मार्च माह में 18.37 लाख रुपये चोरी करने की वारदात बंती खेड़ा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के मैनेजर ने अपने चपरासी से अंजाम दिलाई थी। कैश चुराने के बदले चपरासी को 50 हजार रुपये दिए थे। पुलिस ने आरोपी चपरासी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया था।
यह वारदात गत चार मार्च 2018 को हुई थी। इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम में दो कैश केसेट खराब होने पर बैंक अधिकारियों ने मेरठ स्थित एनसीआर कंपनी को शिकायत दर्ज कराई थी। तीन मार्च को बैंक कर्मी राजीव कुमार व धर्मेंद्र गिरी ने एटीएम में 28 लाख रुपये डाले थे। एटीएम की सुरक्षा बैंक का जनरेटर आपरेटर यशपाल सिंह करता था। इसके बाद चार मार्च को एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा तथा एटीएम मशीन को खोलने लगा, जिस पर यशपाल सिंह ने पूछताछ तो उसने बताया कि वह एनसीआर कंपनी से आया है। इसी बीच बंतीखेड़ा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल भी वहां पहुंच गए और यशपाल से बात करने लगे थे। इसके बाद आरोपी युवक एटीएम से 18,37,300 रुपये निकालकर ले गया था। घटना की बाबत शाखा प्रबंधक नितेश कुमार ने छह मार्च को शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शामली कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया था कि शामली में विजय चौक के पास से चेतन पुत्र सहेंद्र निवासी बंतीखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह बंतीखेड़ा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में चपरासी है। शामली में इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से वह कैश निकालकर ले गया था और बंतीखेड़ा स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक रोबिन बंसल को दे दिया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात को शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल ने चपरासी से अंजाम दिलाया। आरोपी रोबिन शामली के मोहल्ला गुजरातियान का रहने वाला है।
50 हजार रुपये का लालच देकर कराई थी चोरी
बंती खेड़ा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल ने चपरासी चेतन को एटीएम से कैश चोरी करने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे। गिरफ्तार आरोपी चेतन ने पुलिस को बताया कि वह बैंक शाखा से अपनी शादी के लिए एक लाख रुपये ऋण लेना चाहता था, लेकिन शाखा प्रबंधक ने उससे कहा कि यदि तुम मेरा कहना मानो, तो मैं तुम्हें बगैर ऋण के ही 50 हजार रुपये दे दूंगा। इसके बाद रोबिन बंसल ने चेतन को एटीएम खोलने की ट्रेनिंग भी दी थी और एटीएम का गोपनीय कोड भी बताया था।
कैश लेकर कई घंटे घूमता रहा था चेतन
गिरफ्तार आरोपी चेतन ने पुलिस को बताया कि एटीएम से कैश निकालने के बाद वह करीब चार घंटे तक घूमता रहा। शामली से निकलने के बाद वह पूर्वी यमुना नहर पटरी के रास्ते मुंडेट गांव पहुंचा और फिर वहां से बंतीखेड़ा स्थित बैंक शाखा में पहुंचकर प्रबंधक रोबिन बंसल को रुपयों से भरा बैग थमा दिया था। इसके बाद रोबिन ने चेतन को 50 हजार रुपये दे दिए थे।
पहले इसी शाखा में रहा रोबिन
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि रोबिन बंसल पूर्व में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा शामली में कार्यरत था। इसके चलते उसे एटीएम का गोपनीय कोड मालूम था। बैंक में दूसरे शाखा प्रबंधक की तैनाती होने के बावजूद गोपनीय कोड बदला नहीं गया था, जिसका फायदा रोबिन बंसल ने एटीएम से कैश चोरी कराने में उठा लिया।
खुद को बचाने की चतुराई
आरोपी रोबिन बंसल ने एटीएम से कैश चोरी कराने की वारदात में खुद को बचाने के लिए चतुराई भी खूब दिखाई थी। चार मार्च को जब एटीएम से कैश निकाला गया था, तो रोबिन बंसल भी मौके पर पहुंच गया था। एटीएम की सुरक्षा करने वाले जनरेटर ऑपरेटर यशपाल सिंह ने जब रोबिन से कहा कि एटीएम ठीक करने मेरठ से युवक आया है। इस पर दिखावे के लिए रोबिन ने आरोपी से भी पूछा था कि तुम कौन हो और कहां से आए हो। तब आरोपी चेतन ने कह दिया था कि एनसीआर कंपनी मेरठ से आया हूं। खास बात यह थी कि एटीएम खोलने वाले ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/