दौराला। दौराला ब्लॉक में शनिवार को कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रबी कृषि निवेश मेला का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख सचिन अहलावत ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय को बढ़ा सकते है। इसके बाद डॉ. डीके शर्मा ने किसानों को पशुओं से संबंधित बीमारियां, टीकाकरण, पशुओं की नस्ल, आर्गेनिक खेती आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. डीवी सिंह ने किसानों को मछली पालन के बारे में बताया। कहा कि मछली पालन के साथ तालाब के पास ही बत्तख व मुर्गी पालन कर किसान दोगुना लाभ एक साथ कमा सकते है। एडीओ कृषि राजेंद्र सिंह ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाएं बताईं। उन्होंने किसानों को गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान, दलहन-तिलहन पर 60 प्रतिशत अनुदान व कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान के बारे में बताया। सरकार द्वारा संचालित सोलर पंप योजना के बारे भी किसानों को बताया गया। किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिस पर मेले में उनकी समस्याओं का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर संजय दौरालिया, पवन, प्रदीप सिंह, गौरव, मनीष, शुभम, दीपक, नरेंद्र, देवेंद्र, सचिन, प्रदीप शर्मा, उदित चौधरी व संदीप आदि मौजूद रहे।