बदमाशों ने दिनदहाड़े तीन जगह से 50 लाख उड़ाए, धरी रह गई सुरक्षा व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस को लेकर घोषित अलर्ट को हवा में उड़ाते हुए बुधवार को बदमाशों ने 50 लाख से ज्यादा की लूटपाट की तीन वारदातें अंजाम दे दीं। मोदीपुरम में जहां दिनदहाड़े पीएसी के पास डौरली में ऋद्धि ज्वैलर्स में सोना-चांदी समेत 15 लाख की लूट कर डाली। वहीं, शहर सराफा में सरेशाम 20 मिनट के अंदर एक बदमाश ने दो दुकानों से गोल्ड, कैश और नगों सहित 35 लाख से ज्यादा का सामान लूट लिया। वारदात के विरोध में शहर सराफा के कारोबारियों ने बाजार बंद कर हंगामा काटा। पुलिस अफसरों को घेरकर खरीखोटी सुना दी।
बुधवार शाम करीब 4:20 बजे एक नकाबपोश बदमाश कागजी बाजार (शहर सराफा) में सराफ ब्रजमोहन मोदी की न्यू राजस्थान डायमंड ज्वैलर्स शॉप पर पहुंचा। दुकान पर अकेले मौजूद ब्रजमोहन की कनपटी पर तमंचा सटाकर बदमाश ने पूरी दुकान खंगाल डाली। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। वह डर गए। बदमाश अलमारियों से नग, पन्ना मोती के अलावा सोने, चांदी की ज्वैलरी के अलावा करीब पांच हजार रुपये समेटकर फरार हो गया।
इस वारदात के कुछ देर बाद यही बदमाश थोड़ी ही दूरी पर नील गली मार्केट में महेंद्र एंड संस ज्वैलर्स पर पहुंचा। शॉप मालिक अक्षय जैन वहां अकेले थे। वह कुछ समझ पाते कि बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। गोली मारने की धमकी देकर उन्हीं से अलमारियां खुलवाई और उसमें रखी सोने चांदी, पन्ना, मोती आदि की तमाम ज्वैलरी समेटकर फरार हो गया। अक्षय जैन की चेन और अंगूठी भी उतरवाकर ले गया।
वहीं, मोदीपुरम में रुड़की रोड़ स्थित कृष्णानगर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार दोपहर डौरली निवासी सराफ विभोर सोनी की ज्वैलरी शॉप लूट ली। बदमाशों से भिड़े सराफ और उसके दोस्त सुनील पर तमंचे और चाकू से हमला बोल दिया। विभोर लहूलुहान हो गए। पब्लिक ने घेराबंदी की तो बदमाश दुकान से 300 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी, एक लाख रुपये और दो मोबाइल फोन समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मौके पर सीओ दौराला और इंस्पेक्टर पल्लवपुरम ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
विरोध में बाजार बंद, नारेबाजी
दोनों वारदातों की सूचना पर बाजार में हड़कंप मच गया। गुस्साए व्यापारियों ने दुकानें बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी, सीओ कोतवाली रणविजय सिंह सहित कई थानों की पुलिस पहुंची। व्यापारी और भाजपा नेता भी पहुंच गए। व्यापारियों ने अधिकारियों का घेराव कर जमकर खरीखोटी सुनाई। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, शहर विधायक लक्ष्मीकांत वाजपेयी, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता आदि ने बढ़ते अपराधों पर नाराजगी जताई। कई व्यापारी अनिश्चितकालीन बाजार बंद की मांग पर अड़ गए। एसपी सिटी ने कहा कि क्राइम ब्रांच सहित चार टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द बदमाशों तक पहुंच जाएगी।
बदमाश कैमरे में कैद
बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात करने वाला बदमाश कै द हो गया है। दोनों व्यापारियों ने भी उसकी पहचान कर ली। व्यापारियों को आशंका है कि बदमाश के कुछ और साथी भी थे।