राज्यपाल कलराज मिश्र बोले- संविधान के नाम पर हिंसा करना जायज नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली के अपना घर आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने लोगों को संविधान में प्रदत्त अधिकारों और नागरिकों के मूल कर्तव्य का वाचन कराया। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी का नाम लिए बगैर कहा कि नागरिकों के मूल कर्तव्यों में हिंसा न करना भी शामिल है। जो लोग हिंसा कर रहे हैं वह असंवैधानिक कार्य कर रहे हैं। लोग संविधान को लेकर अपने अधिकार की बात करें, लेकिन कर्तव्य क्या हैं, उन्हें भी जानना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जयपुर में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाय गया था, जिसमें उन्होंने संविधान के उद्देश्य और मूल कर्तव्यों का वाचन कराया था। वहां लोगों को मूल कर्तव्यों के बारे में जानकारी ही नहीं थी। अब उन्होंने तय किया है कि जहां भी कार्यक्रम में जाएंगे, वहां संविधान, देश और मूल कर्तव्यों का वाचन जरूर कराएंगे। अब तक वे 12 से अधिक विश्वविद्यालयों में इसका स्मरण कराते हुए संकल्प करा चुके हैं।
अपना घर आश्रम में दो लाख रुपये योगदान की घोषणा
राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि अपना घर आश्रम में 113 लोगों की सेवा की जा रही है। अपना घर आश्रम के लिए दो लाख रुपये का योगदान देने की घोषणा की। राज्यपाल की इस घोषणा पर पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने उनसे कहा कि क्या यह सरकारी पैसा है। इस पर राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि राज्यपाल सरकारी नहीं होता है। राज्यपाल संवैधानिक पद है। वे राजस्थान के राज्यपाल है। राज्यपाल होने के नाते वे प्रथम नागरिक है।
शामली-मुजफ्फरनगर का नाम लेकर यादों को ताजा किया
राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि वे यहां कई साल के बाद आ रहे है। मुजफ्फरनगर व शामली ऐसे जिले है, जिसमें लगता है वे हमारे अंदर समाहित है। यहां आकर उन्हें आनंद का अनुभव हुआ। वहीं, अपना घर आश्रम भरतपुर के डॉक्टर बीएम भारद्वाज ने कहा कि असहायों के लिए अपना घर आश्रम बनाए गए हैं। देश में इस तरह के 34 आश्रम चल रहे है। संसाधनों और खर्चे की कोई चिंता नहीं होती। भरतपुर में अपना घर आश्रम में साढ़े पांच लाख रुपये रोजाना का खर्च है। भरतपुर में आठ हजार बेड का सबसे बड़ा आश्रम बनने जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल कलराज मिश्र से अनुरोध किया कि अप्रैल माह में होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में वे जरूर आएं। राज्यपाल ने उनका न्यौता स्वीकार किया।
निजी कार्यक्रम में भी हुए शामिल
राज्यपाल कलराज मिश्र की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आरके डिग्री कॉलेज के मैदान में हेलीपेड बनाया गया था। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अपना घर आश्रम में भी मेटल डिटेक्टर से लोगों की जांच कराई गई। दोपहर 12.05 पर हेलीपेड से वह सीधे अपना घर आश्रम पहुंचे। करीब सवा घंटे यहां कार्यक्रम में रहे। इसके बाद कैराना रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरबीर मलिक की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए। वहां उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद करीब सवा दो बजे हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/