Gold Prices: एक लाख के पार पहुंचीं 10 ग्राम सोने की कीमत, क्या और बढ़ेगा भाव? ये है वजह
सोने की कीमतों ने एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार कर लिया है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है और कीमतें जल्द ही 1.10 लाख तक पहुंच सकती हैं। जानिए वजह।
विस्तार
सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है और यह अब 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच चुका है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले समय में यह आंकड़ा और भी ऊपर जा सकता है।
इंडियन बुलियन ट्रेड कॉर्पोरेशन के निदेशक आशुतोष अग्रवाल के अनुसार, वर्ष 2025 की पहली छमाही में सोने ने निवेशकों को बेहतरीन रिटर्न दिया है और दूसरी छमाही में भी यह रुझान जारी रहने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Sawan Shivratri 2025: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक जारी, लगी लंबी कतारें
क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?
अमेरिकी फेडरल रिजर्व और अन्य बड़े सेंट्रल बैंकों द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीद से निवेशकों का रुझान सोने की ओर बढ़ा है। ब्याज दरें घटने से डॉलर कमजोर होता है और सोना मजबूत स्थिति में आता है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों ने भी सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने की मांग को बढ़ाया है।
कहां तक जा सकता है भाव?
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो अगले कुछ महीनों में सोना 1,10,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
निवेशकों के लिए संकेत
अगर आपने पहले से सोने में निवेश किया है तो यह समय मुनाफा बुक करने का हो सकता है। वहीं, नए निवेशकों को थोड़ा इंतजार करने की सलाह दी जा रही है ताकि कीमतों में थोड़ी नरमी आए और निवेश का उचित समय मिल सके।