मेरठ। आईटीआई साकेत क्रिकेट मैदान में चल रहे 13वें हेमा कोहली मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को जूनियर वर्ग का फाइनल मैच आईटीआई व जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल हापुड़ के बीच खेला गया। इसमें जीडी गोयनका की टीम ने एक विकेट से जीत प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया।
बल्लेबाजी करने उतरी आईटीआई की टीम ने 19.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 181 रन बनाए। इसमें विवेक ने 40, रकीब ने 40, अभिनव ने 38, आर्यन ने 36 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में मृदुल ने 4 व अनंत ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की टीम ने 17.5 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए और एक विकेट से जीत प्राप्त की। इसमें गर्व त्यागी ने 49, पार्थ गोस्वामी ने 44, रुद्राक्ष ने 47 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में आईटीआई की ओर से शाहबेज ने दो, वैभव ने दो, विवेक ने एक विकेट लिया। मैन ऑफ द सीरिज ब्रह्मजोत सिंह को दी गई। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज ऋषभ एकेडमी के सभान रहे। गेंदबाज आईटीआई के शाहबेज को चुना गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी व सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। शोभित त्यागी ने मैन ऑफ द सीरिज रहे खिलाड़ी को बैट देकर सम्मानित किया। इस दौरान चेयरमैन आईटीआई विवेक कोहली, प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल, अर्जुन अवॉर्डी अलका तोमर, रजनीश कौशल, उदयवीर सिंह, अरमान, कुलदीप आदि रहे। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि उनकी ओर से मंडलीय क्रिकेट टीम को भी जल्द सम्मानित किया जाएगा। संवाद