मेरठ: गैंगस्टर उधम सिंह को फर्जी एनकाउंटर का डर, राष्ट्रपति से मांगी सुरक्षा
मेरठ के करनावल निवासी गैंगस्टर उधम सिंह ने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई है। निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
विस्तार
राष्ट्रपति को पत्र भेजकर जताई जान का खतरा
सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल निवासी उधम सिंह ने राष्ट्रपति को भेजे प्रार्थना पत्र में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका दावा है कि करीब 15 साल तक विभिन्न मुकदमों के चलते जेल और न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने के बाद उसने लगभग सात साल पहले अपराध की दुनिया से दूरी बना ली थी। परिवार के भविष्य को देखते हुए वह अब अपनी पैतृक कृषि भूमि पर खेती करके जीवनयापन करना चाहता है।
पुलिस अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
पत्र में उधम सिंह ने आशंका जताई है कि कुछ पुलिस अधिकारी पदोन्नति, पुरस्कार और प्रशंसा पाने के लिए उसे झूठे मामले में फंसाकर फर्जी मुठभेड़ का शिकार बना सकते हैं। कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई वास्तविक शिकायत या आरोप है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उसने किसी भी तरह की गैरकानूनी कार्रवाई से अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है।
उधम सिंह ने पत्र में परिवार की परिस्थितियों का हवाला देते हुए बताया कि उनकी मां करीब 82 वर्ष की हैं और बीमार व विधवा हैं। पत्नी का हृदय संबंधी ऑपरेशन हो चुका है, जबकि बेटी का विवाह होना बाकी है। उसने खुद को परिवार का एकमात्र सहारा बताते हुए कहा कि उनके साथ कोई अनहोनी होने या दोबारा जेल जाने की स्थिति में परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
उधम सिंह ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि उसके खिलाफ किसी शिकायत या प्रतिकूल रिपोर्ट पर कार्रवाई करने से पहले निष्पक्ष जांच कराई जाए। शिकायतकर्ता के साथ उनका पक्ष भी सुना जाए और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि वह किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे, बल्कि एक सामान्य नागरिक की तरह सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन बिताना चाहता है।