संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। क्षेत्र के दर्जनों मध्यमवर्गीय परिवारों से फार्मास्युटिकल कंपनियों में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने इस संबंध में सीएम के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया।
सीएम के नाम एसडीएम संतोष कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में पीड़ितों का आरोप है कि नवेद, जुनैद, दानिश, शाहनवाज और वाजिद नाम के आरोपियों ने उन्हें बड़ी कंपनियों में निवेश पर अधिक लाभ दिलाने का लालच दिया था। वर्ष 2022 से लगातार ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से भारी रकम ऐंठने के बाद अब आरोपियों ने लाभ देना और मूल धनराशि लौटाना बंद कर दिया है। रुपये वापस मांगने पर पीड़ितों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। मवाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर परेशान पीड़ित मोहम्मद आदिल, सैयद अजहर रिजवी, वकील अहमद, आस मोहम्मद, मुमताज, शान मोहम्मद आदि ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।