Meerut: पांच पुलिसकर्मी निलंबित, एक ने वर्दी में पी शराब, बुलेट समेत चाैराहे पर गिरा, चार का था ये कसूर
मेरठ में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसएसपी डाॅ विपिन ताडा ने बड़ा एक्शन लिया है। वर्दी में शराब पीकर हंगामा करने वाले सिपाही समेत पांच को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
मेरठ में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बुधवार देर रात पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। यातायात में तैनात हेड कांस्टेबल दीपक कुमार ने बुधवार दोपहर मेघदूत चौराहे पर शराब पीकर हंगामा किया था। जबकि डायल-112 में तैनात हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह, प्रमोद कुमार, जितेंद्र कुमार और चालक राजन परीक्षितगढ़ में तैनाती के दौरान ड्यूटी से नदारद होकर सरकारी वाहन लेकर कहीं चले गए थे।
पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, एक होमगार्ड पर बैठाई विभागीय जांच
एसएसपी ने पांचों लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जबकि एक अन्य होमगार्ड पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उसके विभागीय अधिकारियों को भेजी है। बताया गया है कि परीक्षितगढ़ में तैनात चार हेड कांस्टेबल डायल-112 वाहन पर तैनात किए गए थे। लेकिन वह अपनी तैनाती के स्थान से कहीं और चले गए थे।
जांच में पता चला कि चारों पुलिसकर्मियों ने किसी घटना पर जाने की जानकारी दी। जबकि पुलिसकर्मी गलत इंवेंट उत्पन्न कर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त मिले।
यह भी पढ़ें: Crime News: जम्मू-कश्मीर को भारत के नक्शे में नहीं दर्शाने पर रोष, मदरसे से लाैट रही छात्रा से छेड़छाड़
वर्दी में पी शराब, बुलेट लेकर चाैराहे पर गिरा सिपाही,खूब किया हंगामा
ट्रैफिक कांस्टेबल दीपक कुमार बुधवार दोपहर बुलेट पर सवार होकर मेघदूत चौराहे पर पहुंचा और सड़क पर गिर गया। लोग दौड़कर उसके पास पहुंचे और बुलेट को हटाते हुए कांस्टेबल को उठाने का प्रयास किया।
लोगों ने वर्दी की गरिमा बनाए रखने के लिए कहा, तो कांस्टेबल गाली गलौज करने लगा। आरोप है कि दीपक शराब के नशे था। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक विनय कुमार शाही को निर्देश देकर कांस्टेबल को पुलिस लाइन भिजवाया।