सहारनपुर: पिता ने एक साल की बेटी को गला घोंटकर मार डाला, इसलिए करता था नफरत
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक पिता ने अपनी एक वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर डाली। बच्ची की मां और मामा का आरोप है कि बेटा ना होने के कारण उसके पति ने बच्ची की जान ले ली है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की नूर बस्ती निवासी मोहम्मद चांद ने करीब डेढ़ साल पहले कालोनी की ही रहने वाली उजमा से प्रेम विवाह किया था। उजमा जब गर्भवती हुई तो चांद ने उजमा से बेटे की मांग करनी शुरू कर दी। लेकिन चांद को बेटी पैदा हुई।
यह भी पढ़ें: Merry Christmas: रंगीन रोशनी में नहाए चर्च, गूंजे कैरल, पश्चिमी यूपी में ऐसी दिखी क्रिसमस की रौनक
उजमा का कहना है कि उसका पति चांद हमेशा उसकी बेटी से नफरत करता था। कभी उसको गोद तक में नहीं लेता था। कई बार उजमा और चांद के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ।
उसने अपने मायके वालों को भी यह बात बताई, लेकिन चांद नहीं मानता था। चांद फेरी का काम करता है और जब वह शाम को फेरी लगाकर घर पर आता था तो बेटी को नफरत भरी निगाहों से देखता था।
शुक्रवार की तड़के करीब चार बजे पत्नी उजमा सो रही थी और चांद उठा और उसने अपनी सोती हुई बेटी अलीशा का गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उजमा को जब इस बात का पता चला तो उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चांद को हिरासत में ले लिया है और अलीशा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।