मेरठ: मेडा में किसानों का धरना नौवें दिन भी जारी, एसपी सिटी ने दी कार्रवाई की चेतावनी
मेरठ विकास प्राधिकरण परिसर में लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी के किसानों का धरना नौवें दिन भी जारी रहा। एसपी सिटी ने धरना समाप्त नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
विस्तार
बढ़े हुए मुआवजे और प्लॉट की मांग को लेकर मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) परिसर में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी के प्रभावित किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं। किसानों का आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नियमानुसार बढ़ा हुआ प्रतिकर और प्लॉट नहीं मिलेंगे, आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
एसपी सिटी ने धरना खत्म करने की अपील की
मेडा परिसर में चल रहे धरने पर मंगलवार को एसपी सिटी विनायक गोपाल पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर धरना समाप्त करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि धरना समाप्त नहीं किया गया तो कानून के तहत कार्रवाई करनी पड़ेगी। इसके बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
यह भी पढ़ें: मेरठ: टीपी नगर में में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी दोस्त ने बहसूमा थाने में किया सरेंडर
दीपावली भी धरनास्थल पर मनाई
किसानों का कहना है कि आठ दिन बीतने के बाद भी मेडा प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने दीपावली भी घर के बजाय मेडा परिसर में धरने पर मनाई। किसानों का आरोप है कि त्योहार के दिन भी प्राधिकरण या जिला प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा।
किसानों ने कहा कि लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी में भू-अधिग्रहण से जुड़े मामलों में उन्हें नियमानुसार बढ़ा हुआ मुआवजा और प्लॉट मिलना चाहिए। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
महापंचायत बुलाकर बड़े आंदोलन की तैयारी
अधिकारियों की कथित अनदेखी से नाराज किसानों ने अब महापंचायत बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि महापंचायत के माध्यम से आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। धरनास्थल पर मौजूद किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि यह उनके हक और अधिकारों की लड़ाई है। मांगें पूरी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।
धरने में ये किसान रहे मौजूद
धरने में जसवीर सिंह गंगानगर, गौरव गुर्जर काजीपुर, सतपाल मलियाना, अज्जू बैंसला, धर्मपाल भड़ाना लोहियानगर, कृपाल सिंह, सत्येंद्र सिंह पुट्ठा, संतर बैंसला, रॉबिन चौधरी, जयवीर गुर्जर, बबलू बैंसला, कालू भड़ाना, रिंकू बैंसला और श्याम सिंह सहित सैकड़ों प्रभावित किसान मौजूद रहे।